
ग्वालियर। स्थानीय जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्राओं से हाउस मास्टर अपने निवास पर झाड़ू-पोंछा समेत अन्य कार्य करा रही थी। इनके पालक जब छात्राओं से मिलने विद्यालय आए तब इस बात का खुलासा हुआ। पालकों के विरोध पर विद्यालय की प्राचार्या ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्वाति शैलेष मिश्रा को हाउस मास्टर के कार्य से हटाकर जांच के लिए समिति गठित कर दी है। शिकायत करने छात्राएं एसडीएम कार्यालय भी गईं मगर उनके नहीं मिलने पर लौट आईं।
नवोदय विद्यालय में पढऩे वाली करीब 15 छात्राओं से हाउस मास्टर स्वाति मिश्रा उनकी क्लास के समय के बाद हॉस्टल से बुलाकर घर में काम करा रहीं थीं। मैडम फेल न कर दें इसलिए छात्राएं चुपचाप काम कर रहीं थीं। रविवार को महीने का पहला रविवार होने पर छात्राओं के पालक छात्राओं से मिलने आए। इसी दौरान एक छात्रा खुशबू की मां राधिका गर्ग ने देखा कि कुछ छात्राएं पानी भरकर ले जा रही है। तब उन्होंने छात्राओं से पूछा कि पानी किसके लिए ले जा रही हो तो छात्राओं ने बताया कि मैडम के घर के लिए। इसके साथ ही छात्राओं ने बताया कि मैडम हमें बुलाकर घर का सभी काम जैसे झाड़ू-पौंछा, फटे कपड़े सिलना,पानी भरना,कपड़े धोना आदि कराती हैं।
छात्राओं की बात सुनकर राधा गर्ग समेत अन्य पालक सीधे प्रभारी प्राचार्या सुमन कटियार के पास पहुंचे और सारा मामला उनके संज्ञान में लाए। पालकों के साथ छात्राएं भी मौजूद थे उन्होंने प्रभारी प्राचार्या को आपबीती सुनाई। इस पर प्रभारी प्राचार्या ने पालकों को आश्वस्त किया कि इस मामले की जंाच कराई जाएगी छात्राओं के साथ इस तरह का व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रभारी प्राचार्या ने पत्र लिखकर स्वाति मिश्रा को तत्काल प्रभार प्रीति वर्मा को देने के निर्देश दिए। इसी के साथ ही जांच के लिए एक समिति का गठन कर दिया।
"हमारी हाउस मास्टर स्वाति मिश्रा हमसे अपने घर का काम कराती हैं। कपड़े धुलवाती हैं, कूलर में पानी डलवाती हैं। हम लोग घर की सफाई भी करते हैं। हमें पढऩे का समय ही नहीं मिलता है। हॉस्टल से बुलाकर काम पर लगाया जाता है।"
शिवानी नरवरिया, छात्रा कक्षा-9
"यदि मैडम विद्यालय में रहंीं तो हम लोग विद्यालय में नहीं रहेंगे। कल हमने शिकायत की तो हमें मैडम ने उल्टा-सीधा कहकर प्रताडि़त किया। मैडम हमसे पत्र लिखवाने के लिए दबाव बना रही है कि छात्राओं से घर का काम नहीं कराया जाता। "
मधु नरवरिया, छात्रा कक्षा-9
"मुझसे मैडम अपने घर का खाना बनवाती हैं। मुझे डर है कि हमारे विरोध के कारण मैडम हमें फेल न करवा दे। पूर्व में कक्षा 12 की छात्राओं से घर का काम कराया जाता था उन्होंने विरोध किया तो उन्हें फेल कर दिया।"
संस्कृति गर्ग, छात्रा कक्षा-9
"मैं रविवार को जब अपनी बच्ची से मिलने विद्यालय पहुंची तो देखा कि कुछ छात्राएं पानी भरकर ले जा रही है उनसे पूछने पर उन्होंने बताया कि मैडम के घर के लिए पानी ले जा रहे हैं। मैं छात्राओं के पीछे चली गईऔर मैडम के निवास पर जाकर देखा कि एक छात्रा पौंछा लगा रही थी।"
राधिका गर्ग, पालक
जांच के लिए समिति गठित
"जैसे ही रविवार यह मामला मेरे संज्ञान में आया, मैंने रात को ही छात्राओं की मीटिंग ली और उन्हें आश्वास्त किया कि तुम्हें घर का कोई कार्य किसी के द्वारा नहीं कराया जाएगा। छात्राओं ने भी मुझे अपनी परेशानी से अवगत कराया है। तत्काल प्रभाव से मैडम से चार्ज लेकर दूसरी शिक्षका को दिया गया है। इसी के साथ जांच समिति भी गठित की गई है।"
सुमन कटियार, प्रभारी प्राचार्या जवाहर नवोदय विद्यालय पिछोर
Published on:
05 Sept 2017 03:46 pm

बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
