अनुमान जताया जा रहा है कि नवरात्र के दौरान ऑटोमोबाइल, ज्वैलरी और इलेक्ट्रॉनिक के सेक्टरों में जमकर खरीदारी होगी...
ग्वालियर। शारदीय नवरात्र में जहां एक ओर देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना प्रारंभ हो गई है वहीं शहर के बाजारों में एक बार फिर से खरीदारी का श्री गणेश हो रहा है। हालांकि गणेशोत्सव के दौरान बाजार ने रफ्तार पकड़ी थी लेकिन श्राद्ध पक्ष में इसकी रौनक थोड़ी सी कम हो गई थी। नवरात्र से लेकर दीपावली तक बाजारों में खरीदारी का दौर जारी रहता है, इसके चलते कारोबारियों ने भी विशेष तैयारियां कर ली हैं। वहीं दीपावली के बाद एक बार फिर से सहालग शुरू हो जाएंगे, नवरात्र के दौरान ही कुछ लोग सहालग की खरीदारी भी किया करते हैं। अनुमान जताया जा रहा है कि नवरात्र के दौरान ऑटोमोबाइल, ज्वैलरी और इलेक्ट्रॉनिक के सेक्टरों में जमकर खरीदारी होगी।
कंपनियां भी देंगी खास ऑफर
नवरात्र में खरीदारी को शुभ माना जाता है। इसके चलते प्रमुख कंपनियों ने भी खास ऑफर निकाले हैं। जहां कार कंपनियां कुछ चुनिंदा मॉडल्स पर सौ फीसद फाइनेंस की सुविधा दे रही हैं वहीं नवरात्र में उपभोक्ताओं को अपनी मनपसंद की कार और बाइक के नए मॉडल भी देखने को मिलेंगे। उपभोक्ताओं को विभिन्न कंपनियों द्वारा रुपयों की छूट के साथ ही लकी ड्रॉ जैसे ऑफर भी दिए जाएंगे।
नवरात्र के लिए पहले से बुकिंग
नवरात्र में खरीदारी के लिए कई लोगों ने तो पहले से बुकिंग भी करा रखी है। सराफा संघ उपनगर ग्वालियर के अध्यक्ष जवाहर जैन के मुताबिक बाजार को खासी उम्मीदें हैं और इससे बाजार को अच्छी रफ्तार प्रदान होगी।