ग्वालियर

नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत, पति ने कहा सांप ने काटा, भाई बोला कर दी हत्या

ससुराल वाले उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तब उन्हें पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। उधर विवाहिता के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।

less than 1 minute read

ग्वालियर। शहर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। हालांकि महिला की मौत कैसे हुई फिलहाल यह बात पुलिस के लिए पहेली बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक महिला ससुराल के दरवाजे पर मृत पड़ी मिली थी। ससुराल वाले उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तब उन्हें पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। उधर विवाहिता के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।

पढ़ें पूरा मामला
बिजौली स्थित खोटूपुरा निवासी 20 वर्षीय नीतू की शादी पांच महीने पहले 31 मई 2022 को दहेली निवासी ध्रुव सिंह गुर्जर से हुई थी। सोमवार सुबह ससुर सोकर उठे तो बहू घर के दरवाजे पर पड़ी मिली। इसके बाद नीतू को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पति बोला सांप के काटने से हुई मौत
फिलहाल महिला की मौत पुलिस के लिए पहेली बनी हुई है। पति और ससुर ने पुलिस और डॉक्टर को बताया कि जब वह घर पहुंचे, तो वह दरवाजे पर पड़ी थी। उसे सांप ने काटा है, जबकि डॉक्टरों के मुताबिक सांप के काटने से उसकी मौत नहीं हुई है। अब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक युवती के मायके पक्ष ने एफआईआर दर्ज नहीं करने पर एसएसपी ऑफिस का घेराव किया। मृतका के भाई भानू गुर्जर ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन की हत्या हुई है। उसने बताया कि पांच महीने पहले ही उसकी बहन की शादी हुई थी। उसने आरोप लगाया कि बहनोई दहेज में गाड़ी मांग रहा था। एक दिन पहले ही रात 11 बजे बहन से बात हुई थी, लेकिन उसके बाद उसकी मौत की खबर मिली।

Updated on:
12 Oct 2022 04:05 pm
Published on:
12 Oct 2022 04:02 pm
Also Read
View All

अगली खबर