
ग्वालियर. ग्वालियर चंबल अंचल में आतंक का पर्याय बन रहे कुख्यात ईनामी डकैत गुड्डा गुर्जर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार की रात करीब 8 बजे ग्वालियर से करीब 40 किलोमीटर दूर घाटीगांव के जंगल से उसे मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया है। जानकारी के मुताबिक जब पुलिस जंगल में गुड्डा गुर्जर की मौजूदगी का पता चलने के बाद उसे पकड़ने पहुंची तो डकैत गुड्डा गुर्जर के गिरोह ने पुलिस पर फायरिंग शुरु कर दी जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायर किए। इस शॉर्ट एनकाउंटर में डकैत गुड्डा गुर्जर के पैर में गोली लगी है जिसे पुलिस ने पकड़ लिया है जबकि उसके दो साथियों के भागने की खबर है जिनकी तलाश पुलिस जंगल में कर रही है। मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने खुद डकैत गुड्डा गुर्जर के पकड़े जाने की पुष्टि की है।
डकैत गुड्डा गुर्जर गिरफ्तार
एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि सूचना मिली थी कि 60 हजार का इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर बसोटा के जंगल में छिपा है। इस पर क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी दामोदर गुप्ता की टीम सहित तीन टीम जंगल में उतारी गईं। यहां पुलिस को देखते ही डकैत गुड्डा गुर्जर ने गोली चलाना शुरू कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। कुछ देर बाद डकैतों की ओर से फायरिंग होना बंद हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो डकैत घायल पड़ा था उसके पैर में गोली लगी थी। वहीं उसके दो साथी जोगेन्द्र और कल्ली तिघरा के जंगलों की तरफ भाग निकले। पुलिस की कुछ टीमें तिघरा के जंगलों में उतारी गई हैं। बता दें कि सीएम शिवराज सिंह ने गुड्डा गुर्जर को लेकर आईजी को वीडियो कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि डकैत गुड्डा गुर्जर की वजह से प्रदेश की छवि खराब हो रही है। उसका तुरंत सफाया करो।
कौन है डकैत गुड्डा गुर्जर ?
डकैत गुड्डा गुर्जर पर 60 हजार का इनाम घोषित है। चंबल में उसके नाम की दहशत है। डकैत गुड्डा गुर्जर हाल ही में तब चर्चा में आया, जब उसने चांचुल गांव को खाली करने का फरमान सुनाते हुए लोगों को धमकाया। इससे पहले उसने अपने से 30 साल छोटी लड़की से शादी करने के लिए उसके चाचा का अपहरण कर लिया था और लड़की के पिता को धमकी दी थी कि अगर उसकी बात नहीं मानी तो भाई को जान से मार देगा। गुड्डा गुर्जर ग्वालियर-चंबल संभाग का सबसे खूंखार डकैत है जिस पर हत्या, लूट व अपहरण सहित लगभग तीन दर्जन मामले दर्ज हैं। मुरैना, धौलपुर (राजस्थान), भिंड, ग्वालियर तथा शिवपुरी पुलिस को उसकी तलाश थी। बताया जाता है कि गुड्डा गुर्जर कभी छोटे कारोबारियों से 500-500 रुपए टेरर टैक्स मांगा करता था। बाद में वह 2-2 लाख रुपए तक का टेरर टैक्स क्रेशर मालिकों से लेने लगा। ग्वालियर के कारोबारियों को डाक से लेटर भेजकर टेरर टैक्स की मांग करने लगा। गांव में एक हत्या करने के साथ ही उसके डकैत बनने की कहानी शुरू हुई थी।
Published on:
09 Nov 2022 10:28 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
