
post office (फोटो सोर्स: X हैंडल)
MP News: डिजिटल युग के विस्तार के साथ शहर की पारंपरिक व्यवस्थाओं में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में अब ग्वालियर के पोस्ट ऑफिस से यात्रियों को मिलने वाले टिकटों की सुविधा पूरी तरह बंद कर दी गई है। लगभग पांच सालों से चली आ रही यह व्यवस्था बंद हो गई है। पहले जहां लोग आसानी से पोस्ट ऑफिस पहुंचकर यात्रा टिकट बनवा लेते थे, अब उन्हें ऑनलाइन माध्यमों पर निर्भर होना पड़ रहा है। इससे अब इन पोस्ट ऑफिस में टिकट बनवाने वालों की भी कमी आई है।
कुछ समय पहले तक शहर के सात प्रमुख पोस्ट ऑफिस से यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराए जाते थे। इनमें महाराज बाड़ा, मुरार, मोती महल, बिरला नगर, ज्येद्रगंज, रेलवे स्टेशन, थाटीपुर आरकेबीएम शामिल थे। जहां रेलवे ने अपना पूरा सिस्टम लगाकर यात्रियों की सुविधा के लिए दिया था। जिससे आसपास के क्षेत्रों के लोगों को रेलवे स्टेशन तक नहीं जाना पड़े।
महाराज बाड़ा स्थित पोस्ट ऑफिस न केवल डाक सेवाओं के लिए, बल्कि यात्री टिकटों के लिए भी शहर का मुख्य केंद्र था। रोजाना बड़ी संख्या में लोग यहां टिकट बनवाने पहुंचते थे। खासकर वे यात्री, जिन्हें ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जानकारी नहीं थी या जो डिजिटल माध्यमों से असहज महसूस करते थे, उनके लिए यह सुविधा बेहद उपयोगी थी।
अब टिकट वितरण पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट कर दिया गया है। रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग को बढ़ावा दिया है। स्मार्टफोन, इंटरनेट और मोबाइल ऐप्स के जरिए टिकट बनवाना अब आसान हो गया है। हालांकि, डिजिटल साक्षरता की कमी के कारण कुछ वर्गों को अभी भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद समय के साथ लोग नई व्यवस्था को अपनाने लगे हैं और डिजिटल इंडिया की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।
Published on:
01 Feb 2026 03:44 pm

बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
