22 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान की गर्म हवा का असर: दो दिन में 40 पार जाएगा पारा, शहर में बढ़ी तपन

2 min read
Google source verification
सीजन में पहली बार पारा 39.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा

सीजन में पहली बार पारा 39.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा

अप्रेल के तीसरे सप्ताह की शुरुआत के साथ ही शहर में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजस्थान की तरफ से आ रही गर्म हवाओं ने माहौल को तपता बना दिया है और दिन का तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक है। दिन चढ़ते ही धूप तीखी हो रही है और दोपहर के समय सड़कों पर भीड़ कम होने लगी है। लोग तेज धूप से बचने के लिए छांव और ठंडी जगहों की तलाश करते दिखे। बाजारों में भी दोपहर के समय भीड़ कम रही।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। इससे गर्मी और ज्यादा तीखी हो जाएगी और लू जैसे हालात बनने की आशंका है। विशेषज्ञों का कहना है कि अभी गर्मी की शुरुआत है, आने वाले दिनों में पारा और ऊपर जा सकता है।

दरअसल, अप्रैल के पहले दो सप्ताह में जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और देश के अलग-अलग हिस्सों में बने चक्रवातीय घेरों के कारण मौसम में ठंडक बनी हुई थी। बीच-बीच में बादल और हल्की बारिश के कारण तापमान नियंत्रित रहा। लेकिन अब मौसम साफ होते ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। लगातार बढ़ते तापमान ने संकेत दे दिए हैं कि आने वाले दिनों में शहरवासियों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा, मौसम प्रभावित नहीं

-जम्मू कश्मीर में नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, लेकिन इस सिस्टम से ग्वालियर अंचल का मौसम प्रभावित नहीं होगा। नमी आने से मौसम में उमस बढ़ सकती है।

- पश्चिमी विक्षोभ के गुजर जाने के बाद फिर से राजस्थान की गर्म हवा दस्तक देगी, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी।

- तीसरा व आखिरी सप्ताह में तामपान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

पारे की चाल

समय तापमान

05:30 19.2°C

08:30 27.6°C

11:30 36.4°C

14:30 38.6°C

17:30 37.0°C