ग्वालियर

कहीं हो रहा राम नाम संकीर्तन पाठ तो कहीं मनाया जा रहा ठाकुरजी का मनोरथ उत्सव

- पुरुषोत्तम मास में भक्ति की बयार : श्रीमद्भागवतकथा के साथ-साथ हो रही शिवमहापुराण की कथाएं, रोजाना अलग-अलग तरीके से किए जा रहे अभिषेक

2 min read
कहीं हो रहा राम नाम संकीर्तन पाठ तो कहीं मनाया जा रहा ठाकुरजी का मनोरथ उत्सव

ग्वालियर. 18 जुलाई से प्रारंभ हुआ अधिकमास यानी पुरुषोत्तम मास का महीना आगामी 16 अगस्त तक जारी रहना है। पुरुषोत्तम मास के महीने में भगवान शिव के साथ ही भगवान विष्णु की उपासना की जा रही है। पुरुषोत्तम मास के इस महीने में शहर में भक्ति की बयार बह रही है। शहर के अलग-अलग इलाकों में रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप, राम नाम संकीर्तन पाठ आदि जैसे अनुष्ठान किए जा रहे हैं। धार्मिक संस्थानों की ओर से श्रीमद्भागवतकथा, श्रीराम कथा, शिवपुराण का आयोजन भी हो रहा है। कुछ स्थानों पर अलग-अलग तरीके से भगवान का अभिषेक भी किया जा रहा है।

दस गुना फल देता है राम नाम संकीर्तन
लक्ष्मीबाई कॉलोनी स्थित गंगादास की बड़ी शाला के महंत रामसेवकदास ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में राम नाम संकीर्तन दस गुना फल प्रदान करता है। इसके चलते शाला में 10 दृष्टिहीन बच्चे अखंड राम नाम संकीर्तन पाठ कर रहे हैं। संकीर्तन पाठ में दो-दो बच्चे दो-दो घंटे लगातार पाठ करते हैं।

मन रहा ठाकुरजी का मनोरथ उत्सव
सराफा बाजार स्थित श्रीनाथजी की हवेली के मुखिया यमुनेश नागर ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में ठाकुरजी का मनोरथ उत्सव मनाया जा रहा है। इसमें 23 जुलाई को नंद महोत्सव में सूखे मेवे का पालना सजाया जाएगा। इसे एक-एक डोरी से तैयार किया जाएगा। आने वाले दिनों में सुबह के समय माखन चोरी लीला, इंद्रमान भंग, ठाकुरजी का ब्याह, छाक लीला, कुनबारा मनोरथ और शाम के समय पनघट, गौचारण, अष्ट खंब का हिंडोला, दीपदान, नाव का मनोरथ, पान का हिंडोला आदि मनोरथ उत्सव मनाए जाएंगे।

अलग-अलग सामग्री से हो रहा अभिषेक
जनकगंज स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में गुरु परंपरा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यहां प्रतिदिन भगवान लक्ष्मीनारायण का अलग-अलग सामग्री से अभिषेक किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को 21 किलो शहद से भगवान का अभिषेक किया गया। व्यवस्थापक संजय लव्हाटे ने बताया कि 23 जुलाई रविवार को भगवान का गन्ने के रस से अभिषेक होगा। आगे क्रमश: आमरस, ठंडाई, केरी का पना आदि से अभिषेेक किया जाएगा।

Published on:
22 Jul 2023 10:55 pm
Also Read
View All

अगली खबर