4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं पृथ्वीनगर के वाशिंदे

शिकायत करने पर भी नहीं हो रहा है समाधान

2 min read
Google source verification
जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं पृथ्वीनगर के वाशिंदे

जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं पृथ्वीनगर के वाशिंदे

ग्वालियर। शहर में जलभराव की समस्या से वार्डवासी परेशान हैं। वहीं निगम अमला भी जल निकासी के इंतजाम करने में पूरी तरह से फेल साबित हो रहा है। दरअसल शहर के वार्ड 61 के पृथ्वीनगर कॉलोनी में रहने वाले वाशिंदे बीते एक महीने से आम रास्ते पर जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। यहां बीते एक सप्ताह से रुक-रुककर हो रही बारिश से हालात पहले से बदतर हो गए हैं। स्थिति यह है कि यहां प्रतिदिन कोई न कोई राहगीर जलभराव और दलदल के कारण फिसलकर गिरकर चोटिल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निगम के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

आए दिन लोग हो रहे चोटिल

सिरोल रोड पर स्थित पृथ्वीनगर कॉलोनी की हालात इन दिनों बहुत खराब हैं। यहां बनी सडकें कीचड़ से सराबोर हैं और वाशिंदे व राहगीर परेशान हो रहे हैं। ध्यान नहीं देने से यहां बीते एक महीने से यही हाल बना हुआ है। स्थानीय विनोद श्रीवास्तव, भूरे गुर्जर, रामनरेश शर्मा, अरविंद, प्रसाद व गुड्डो बाई ने बताया कि दो साल पहले यहां सीसी रोड का निर्माण किया गया था। इसके बाद सीवर प्रोजेक्ट आने से पूरी सडक़ सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई, वहीं गैस पाइप लाइन वालों ने सड़क पर गड्ढे कर दिए। इसके चलते पूरी सड़क फिर से खराब हो गई। सीवर लाइन डालने के बाद भी सड़क का पुर्ननिर्माण नहीं किया गया। समस्त रहवासियों ने निगम प्रशासन व स्थानीय पार्षद से इस समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग की है।

निगम प्रशासन को ध्यान देना चाहिए

एक महीने से भाटी वाली गली में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। निगम में शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। निगम प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।

माखन प्रजापति, स्थानीय

वाहन चालक गिरकर होते हैं घायल

दलदल और कीचड़ की वजह से दोपहिया वाहन चालक हर रोज फिसलकर गिरते हैं और चोटिल हो जाते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बच्चों को हो रही है।

देवेंद्र उपाध्याय, वार्डवासीस्कूली बच्चे ज्यादा परेशान

जलभराव की वजह से घरों से बाहर निकलते वक्त बहुत सावधानी बरतनी पड़ रही है। जरा सी चूक होने पर पैर स्लिप होने का डर बना रहता है। स्कूली बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं।

मनोज श्रीवास्तव, स्थानीय निवासी

गिट्टी डलवाकर सही करवाएंगे

जलभराव की जहां भी दिक्कत है उसका हम लगातार समाधान करा रहे है। वार्ड 61 में शिकायत आने पर गिट्टी डलवाई गई थी। यदि फिर से समस्या आ रही है तो गिट्टी डलवाकर उसे सही करवाया जाएगा।

जेपी पारा, अधीक्षण यंत्री नगर निगम