
वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच मनाया श्रावणी उपाकर्म उत्सव
ग्वालियर. रक्षाबंधन पर भद्रा होने के कारण रात 9 बजे के बाद राखी बांधी गई, लेकिन इसके पूर्व शहर के मंदिर और अन्य स्थानों पर श्रावणी उपाकर्म हुए। श्रावण मास की पूर्णिमा पर श्रावणी उपाकर्म उत्सव मनाया जाता है। जानकारों के मुताबिक श्रावण उपाकर्म भद्रा काल में किए जा सकते थे। जाने-अनजाने में हुए पापों की शुद्धि के लिए हुए इस उत्सव के दौरान वैदिक मंत्रों के साथ हेमाद्रि संकल्प, दशविधि स्नान और जनेऊ संस्कार जैसी विभिन्न तरह की प्रक्रियाएं की गईं।
- लक्ष्मीबाई कॉलोनी स्थित गंगादास की बड़ी शाला में महंत रामसेवकदास के सानिध्य एवं आर्चा रामनरेश उपाध्याय के आचार्यत्व में ब्राह्मणों ने हेमाद्रि संकल्प के साथ दशविधि स्नान किया। इसमें भस्म, गोबर, सप्तमृतिका एवं गोमूत्र, गोबर गोदूध गोदधि, गोघृत से तैयार पंचगव्य, सर्वोषधि, कुश, अपामार्ग आदि से सस्वर वेदमंत्रों के बीच गंगा की जल धारा में स्नान कराया गया। स्नानांग तर्पण विधान के बाद आसन ग्रहण कर गणपति पूजन, ऋषि पूजन, यज्ञोपवीत दान, यज्ञोपवीत पूजन, यज्ञोपवीत धारण, हवन और रक्षा विधान किए। इसके साथ ऋषि पूजा व यज्ञोपवीत पूजन आदि की विधि भी संपन्न कराई गई। शाला में वेदपाठी ब्राह्मणों की उपस्थिति में संस्कृत दिवस भी मनाया गया। इस अवसर पर वेदपाठियों ने संस्कृत में बोलने एवं संस्कृत भाषा के प्रचार प्रसार का संकल्प लिया। इस मौके पर हरिशंकर द्विवेदी, ब्रजमोहन शास्त्री, ऋषिकेश शास्त्री, राजेश पाठक, कैलाश शास्त्री आदि मौजूद थे।
- खाटू श्याम मंदिर के पास श्रावणी उपाकर्म का आयोजन किया गया। जाने-अनजाने में हुए पापों की शुद्धि के लिए हुए उत्सव के दौरान वैदिक मंत्रों के साथ विभिन्न तरह की प्रक्रियाएं की गईं। कार्यक्रम संस्कार भारती के कार्यकर्ताओं ने पूर्ण कराया। इस मौके पर डॉ.भैरव दत्त त्रिवेदी,
डॉ.नीरज शास्त्री, गर्गाचार्य शास्त्री, पीयूष भार्गव, गिरधारी लाल, डॉ.प्रसन्न शर्मा, रवि भूषण तिवारी, बसंत पाठक, अंकित पांडे, नीरज कृष्ण शास्त्री आदि उपस्थित थे।
- अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से 31 अगस्त को सुबह 7 बजे से गायत्री जागृति केंद्र सुभाष नगर चार शहर का नाका पर श्रावणी पर्व मनाया जाएगा। गायत्री शक्तिपीठ के प्रमुख ट्रस्टी ओपी गुप्ता और डॉ.प्रदीप गुप्ता ने बताया कि चरित्र एवं आत्मनिर्माण के श्रावण पर्व में सभी तीर्थ का आव्हान किया जाएगा। तत्पश्चात हिमाद्रि संकल्प, तर्पण कार्यक्रम होगा। इस अवसर पर विशेष पूजन से सप्त ऋषियों का पूजन भी किया जाएगा।
Published on:
30 Aug 2023 10:17 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
