प्रशासन ने कागजों पर कर दिया कीटनाशक का छिड़काव, गांव वाले बोले-मच्छरों की भरमार
खरडुबड़ी. बारिश की वजह से ग्राम पंचायत में गंदगी की भरमार है। ग्राम पंचायत में गंदगी के चलते डेंगू, मलेरिया की बीमारियों के पैर पसारने के अंदेशे को लेकर पत्रिका ने खबर 17 अगस्त को प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने ग्राम पंचायत में सघन लार्वा एवं कीटनाशक छिड़काव करने का जनसंपर्क समाचार जारी कर दिया। जबकि ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत की स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है। पंचायत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नहीं है। इसके चलते मरीजों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय या गुजरात जाना पड़ता है।
स्थानीय प्रशासन के दावे के अनुसार रामा ब्लॉक में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर बुखार रोगियों की खोजकर, उपचार, सघन लार्वा विनिष्टिकरण किया। कीटनाशक बीटीआई का छिड़काव किया। जांच दल को कोई भी व्यक्ति बुखार पीडि़त नहीं मिला। 65 घरों का सर्वे करने पर 13 घरों में लार्वा मिला। 160 कंटेनरों को चेक किया। इसमें 14 में लार्वा मिला। इसमें कीटनाशक डालकर लार्वा नष्ट किया। ग्रामवासियों को अपने घरों में नियमित रूप से साफ-सफाई करने की समझाइश दी। जबकि ग्रामीणों ने बताया कि खरडुबडी में ग्राम पंचायत द्वारा दवाई का छिड़काव आज तक नहीं किया। न उपस्वास्थ्य केन्द्र की टीम घरों में पानी की जांच करने पहुंची। न आंगनवाड़ी केंद्र से कोई आया और न तो ग्राम पंचायत ने कोई कदम उठाया। रहवासी शांति लाल चौहान ने बताया कि गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। ग्राम पंचायत को मलेरिया से बचाव के लिए दवाई का छिड़काव करना चाहिए। रहवासी राजेन्द्र पंचाल ने बताया कि न छिड़काव हुआ और नहीं उपस्वास्थ्य केन्द्र या आंगनवाड़ी केंद्र से कोई व्यक्ति पानी कि जांच के लिए आया हैं। रहवासी करमसिह डामोर ने बताया कि यहां पर गंदगी हो रही है। इससे पनप रहे मच्छर से मेलेरीया,डेगु जैसी बीमारी बढ़ती जा रही है। दवा का छिड़काव ग्राम पंचायत को करवाना चाहिए। जो अभी तक नहीं किया गया। रहवासी कालूङ्क्षसग डामोर ने बताया कि ग्राम पंचायत ने हमारे फलिये में दवाई का छिडकाव नहीं करवाया। उपस्वास्थ्य केंद्र एवं आंगनवाड़ी केंद्र से भी किसी प्रकार की कोई दवाई नहीं दी गई। &बाजार में छिड़काव नहीं हुआ। आए तो थे, लेकिन दवाई की व्यवस्था नहीं थी, तो पहले दवाई की व्यवस्था करेंगे फिर छिड़काव करेंगे। कल टीम आई थी, सब के यहां नहीं गए। पंचायत के आसपास घरों में तलाशी ली। छोटी खडू की और तारा घाटी की आशा कार्यकर्ता घूम रही थी। उप स्वास्थ्य केंद्र से छिड़काव नहीं किया जा रहा है। दवाई ब्लॉक से दी जाएगी। अभी ब्लॉक से दवाई नहीं मिली थी। इसलिए छिड़काव भी नहीं किया जा सका। आरती बारिया, सुपरवाइजर, उप स्वास्थ्य केंद्र रामा