1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

किसी ने सोचा नहीं था फिर श्योपुर को मिल गया मेडिकल कॉलेज, कुछ और पिछड़े जिलों में भी होना है विकास, पैसे की कमी नहीं

-मुख्यमंत्री ने किया मेडिकल कॉलेज सहित 768.17 करोड राशि के कामों का शिलान्यास एवं 245.41 करोड के कार्यो का लोकार्पण

5 min read
Google source verification
किसी ने सोचा नहीं था फिर श्योपुर को मिल गया मेडिकल कॉलेज, कुछ और पिछड़े जिलों में भी होना है विकास, पैसे की कमी नहीं

किसी ने सोचा नहीं था फिर श्योपुर को मिल गया मेडिकल कॉलेज, कुछ और पिछड़े जिलों में भी होना है विकास, पैसे की कमी नहीं

श्योपुर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि क्या किसी ने सोचा था कि श्योपुर जैसे पिछड़े जिले को मेडिकल कॉलेज मिलेगा, लेकिन यह बनना शुरू हो रहा है। इसके साथ ही कुछ अन्य पिछड़े जिलों में भी विकास होना है, पैसे की कमी नहीं है। हाइवे, पेयजल, सिंचाई योजनाएं, सीएम राइज स्कूल,आवास योजनाओं को लेकर हम कोई कमी नहीं छोड़ रहे। मूंझरी बांध बनने से 34 गांव की 11500 हैक्टेयर भूमि सिंचित होगी और 119 नलजल योजनाएं संचालित होंगीं। चंबल सूक्ष्म सिंचाई परियोजना से 12 हजार हैक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इस योजना से 6 गांव छूट गए है, उन्हें भी जोड़ा जाएगा। केन्द्रीय कृषि मंत्री और नागरिक उड्डयन मंत्री के कहने पर कूनो नदी पर श्रीमंत माधवराव सिंधिया बृहद सिंचाई योजना के अंतर्गत 5 स्थानों पर जल्द डेम निर्माण के निर्देश जारी होंगे। श्योपुर जिले में विकास और जनकल्याण का इतिहास बना है और यह विकास आगे भी चलता रहेगा। कूनो नेशनल पार्क को टूरिज्म के रूप में विकसित किया जा रहा है। भाषण से पहले आजीविका मिशन की दीदियों ने 51 फीट लंबी राखी मुख्यमंत्री को भेंट की। सीएम ने लाडली बहना योजना को लेकर कहा कि 25 मार्च से 30 अपै्रल तक सभी अधिकारी गांव-गांव, वार्ड-वार्ड आकर फार्म भरवाएंगे। इसके लिए आय और मूल निवासी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है। स्वघोषित आय पर टिक करके प्रमाणित हो जाएगा। कंप्यूटर पर ही प्रत्येक बहन का पंजीयन होगा। 30 अपै्रल के बाद फार्मो की जांच होगी और 10 जून को 1 हजार रुपए खातों में जमा होंगे। लाडली लक्ष्मी योजना को लेकर सीमए ने कहा कि 44.40 लाख बेटियां लखपति बन गई हैं। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना को लेकर उन्होंने कलेक्टर शिवम वर्मा को तैयारी करने के निर्देश दिए। चुनाव में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत और पुलिस में 30 प्रतिशत आरक्षण से महिलाएं सशक्त हो रही हैं। 1 लाख 24 हजार पदों पर भर्ती हो रही है। डिफॉल्टर किसानों को के ब्याज का पैसा सरकार भरेगी और किसान खाद बीज खरीद सकेंगे।


रविवार को श्योपुर की जैदा मंडी मेंं मुख्यमंत्री सहित केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा की मौजूदगी में मेडिकल कॉलेज सहित 768.17 करोड राशि के कामों का शिलान्यास एवं 245.41 करोड के कार्यो का लोकार्पण हुआ। इसमें 258 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला मेडिकल कॉलेज, 414.79 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला मूंझरी डेम शामिल है। जबकि 167.50 करोड़ रुपए की लागत से बनी चंबल सूक्ष्य सिंचाई परियोजना सहित अन्य कामों का लोकार्पण हुआ। समरोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 1013.50 करोड़ रुपए के शिलान्यास, भूमि पूजन और हितलाभ वितरण किए हैं। मुख्यमंत्री ने श्योपुर से प्रदेश के 15 जिलों में विशेष पिछडी जनजाति के पशुपालकों के लिए लागू हुई मुख्यमंत्री दुधारू पशुपालन योजना का आरंभ किया। जिले के 20 पशुपालकों को 2-2 लाख रुपए 2-2 भैस के लिए दी गई। इस योजना से श्योपुर सहित मुरैना, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, शहडोल, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, उमरिया, डिंडोरी एवं छिंडवाडा जिलों को लाभ मिलेगा।


100 वर्ष पहले से है क्षेत्र से जुड़ाव
-केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश में जन-जन के मानस में विकास और विश्वास की अमिट छाप बनाई है। रंग पंचमी का दिन श्योपुर के लिए अविस्मरणीय है। 1 हजार करोड़ रुपए से अधिक के काम मिले हैं। उन्होंने क्षेत्र से जुड़ाव का उल्लेख अपने पूर्वज को याद करके किया। सिंधिया ने कहा कि श्रीमंत माधो महाराज ने 100 वर्ष पूर्व आवदा डेम से सिंचाई की सुविधा दी थी। नैरोगेज ट्रेन की सुविधा श्योपुर को दी थी। अब जरूरत के हिसाब से इस क्षेत्र को ब्रॉडगेज से जोड़ा जा रहा है। पहले चरण में रेल परियोजना के अंतर्गत ग्वालियर से श्योपुर और दूसरे चरण में श्योपुर से कोटा को जोड़ा जाएगा।


हम सब एक टीम
-प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने अपने भाषण में कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 2003 से पहले और फिर 15 महीने की कांग्रेस सरकार ने झूठ,छल और कपट से अधिकार छीना था। इसके बाद शिवपुरी सभा के घटनाक्रम पर सफाई देते हुए कहा कि कांग्रेस को अध्यक्षीय प्रोटोकॉल पता नहीं है। कांग्रेस कहती है कि अध्यक्ष को भाषण देने से रोक दिया। जबकि मंच पर अध्यक्ष की परंपरा का पालन किया गया था। उन्होंने कहा कि विकास के लिए सिंधिया, तोमर, शिवराज हम सब एक टीम हैं।


सारे देश में होंगे डॉक्टर सप्लाई
-केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि श्योपुर जिला दूरस्थ है इसलिए विकास की जितनी रोशनी आनी चाहिए थी उतनी नहीं आई। हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क के तोहफे दिए, अब विकास की दौड़ में है। सीएम के प्रयास से 258 करोड़ रुपए से मेडिकल कॉलेज बनेगा। शिवराज के नेतृत्व में डॉक्टरों की जरूरत पूरी होगी। कॉलेज से डॉक्टर बनने की फैक्ट्री चालू हो जाएगी। सारे देश मे डॉक्टर सप्लाई होंगे। मूँझरी डेम को किसानों की सोच साकार हुई है। 2017 में इसकी मंजूरी मिली और टेंडर हुआ। अब शिलान्यास हो रहा है। विकास के लिए तेजी से काम हो रहा है। ढोढर-कराहल की नई बिल्डिंग में इस सत्र से कॉलेज लगेगा। बड़ौदा में भी कॉलेज बनाया जाएगा। हाइवे-552 को श्योपुर से राजस्थान को जोडऩे के लिए मंजूरी मिल गई है। सहरिया आदिवासियों के जीवन मे बदलाव हो रहा है।


65 हजार हैक्टेयर सिंचाई का लक्ष्य
-जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि 2003-04 में प्रदेश में मात्र 6 लाख हैक्टेयर में सिंचाई होती थी अब सिंचित रकवा 45 लाख हैक्टेयर हो गया है। 2025 तक 65 लाख हैक्टेयर रकवा सिंचित करने का लक्ष्य है। चंबल की सहायक कूनो नदी पर 5 बांध प्रस्तावित हैं। 6601 करोड़ रुपए की श्रीमंत माधवराव सिंधिया बृहद सिंचाई परियोजना जल्द शुरू होगी। परियोजना से श्योपुर सहित मुरैना, गुना, ग्वालियर की लगभग 2 लाख हैक्टेयर भूमि सिंचित होगी।
-जिले के प्रभारी मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश को स्वर्णिम मध्यप्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। कूनो में चीते आने के बाद श्योपुर की पहचान अंतर राष्ट्रीय पटल पर हुई है।


लोकार्पण और शिलान्यास
मेडिकल कॉलेज
-258 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास हुआ। कॉलेज में एमबीबीएस की 150 सीट रहेंगीं। 250 डॉक्टर एवं 1 हजार पैरामेडिकल स्टॉफ पदस्थ होगा।


मूंझरी डैम
-414.79 करोड़ रुपए से बनने वाले मूंझरी डेम का शिलान्यास हुआ। इस बांध से 34 गांवों की 11500 हैक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इसके साथ ही जल प्रदाय योजना अंतर्गत 272.24 करोड़ रुपए की लागत श्योपुर एवं कराहल ब्लॉक के 119 गांवों के 12147 परिवारों को पेयजल मिलेगा।


चंबल सूक्ष्म सिंचाई परियोजना
-167.58 करोड़ रुपए की लागत से बनी 35 गांव की नहर के नाम से प्रसिद्ध योजना का लोकार्पण हुआ। इससे 12 हजार हैक्टेयर भूमि सिंचित होगी। नहर के लिए किसान काफी समय से मांग कर रहे थे।


हितलाभ वितरण
-मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना की शुरुआत हुई। इस योजना से बैगा, भारिया एवं सहरिया जाति के पशुपालकों को दो भैंस प्रति हितग्राही के मान से 2 लाख 43 हजार एवं दो गाय प्रति हितग्राही के मान से 1 लाख 89 हजार 250 रुपए अनुदान दिया जाएगा। श्योपुर सहित 15 जिलों में योजना की शुरुआत हुई है। जिले के 52 हितग्राहियों को 1.137 करोड़ रुपए की राशि का वितरण किया गया। 20 हितग्राहियों को कार्यक्रम में ही हितलाभ दिया गया।


-तेंदूपत्ता संग्राहकों को 6.516 करोड़ रुपए का बोनस दिया गया। तेंदूपत्ता संग्राहक सहायता योजना के अंतर्गत 34 संग्राहकों के उत्तराधिकारियों को 9.10 लाख रुपए ई-पेमेंट दिया गया।


-एकलव्य शिक्षा विकास योजना के अंतर्गत तेंदूपत्ता संग्राहकों के 125 मेधावी छात्र-छात्राओं को 16.15 लाख रुपए की राशि दी गई।


-एनआरएलएम अंतर्गत 85 स्वयं सहायता समूहों को 2.12 करोड़ रुपए की राशि दी गई।


-प्रेमसर-हिरनीखेड़ा-मूंडला मार्ग 59.78 करोड़ रुपए, 35.60 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले श्योपुर के सीएम राईज स्कूल का शिलान्यास हुआ।


-14.88 करोड़ रुपए की लागत से बने 400 मीटर सिथेंटिक ट्रैक क्रीड़ा परिसर, 28 करोड़ रुपए से बने कराहल के एकलव्य आदिवासी विद्यालय, 9.42 करोड़ रुपए रूसा की राशि से श्योपुर में बने न्यू मॉडल कॉलेज, 7.58 करोड़ रुपए से बने सोनघटा पर सीप नदी पुल, 4.19 करोड़ रुपए से बने ललितपुरा, मकडावदा रोड से भिलवाडिया मार्ग, 2.88 करोड़ रुपए से बने ककरधा पुल, 3.53 करोड़ रुपए के श्योपुर-ढोढर पुल, 2.85 और 2.10 करोड़ रुपए से बने सरारी नदी पुल, 2.37 करोड़ रुपए से बतोनी नदी पर बने पुल का लोकार्पण हुआ।


यह भी हुआ कार्यक्रम में
-पूर्व विधायक बाबूलाल मेवरा आयोजन के बाद बेहोश हो गए। चिकित्सकों की टीम ने उनको प्राथमिक उपचार दिया।

Story Loader