
रिजल्ट घोषित नहीं हुआ तो छात्रों ने अधिकारियों को बंधक बनाया
ग्वालियर. जीवाजी विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में अध्ययन कर रहे छात्रों के परीक्षा परिणाम न आने से हो रही परेशानियों को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया। परिणाम घोषित करने को लेकर जेयू अधिकारियों द्वारा संतोषजनक आश्वासन न दिए जाने के बाद छात्र पहले कुलसचिव कक्ष के बाहर प्रदर्शन करते रहे इसके बाद सीधे तीसरी मंजिल पर पहुंचे और रिजल्ट बनाने कंपनी के कार्यालय पर ताला डाल दिया। इसके बाद वे कार्यालय के बाहर ही धरने पर बैठ गए। तालाबंदी से कंपनी के लगभग एक दर्जन कर्मचारी, विवि का एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सहित अन्य लोग दोपहर एक बजे से लेकर शाम 4 बजे तक बंधक जैसी स्थिति में रहे। प्रदर्शन के दौरान कुलसचिव ने धरना स्थल पर पहुंचकर 9 सितंबर तक रिजल्ट दिए जाने की मांग को लेकर आश्वासन दिया, तब जाकर छात्रों ने कार्यालय का ताला खोला। इसके साथ ही छात्रों ने चेतावनी दी है कि तीन दिन में अगर परिणाम घोषित नहीं हुए तो दोबारा से उग्र प्रदर्शन होगा।
दो दिन पहले दिया था ज्ञापन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने परीक्षा समय पर कराए जाने, परिणाम समय पर जारी करने के साथ ही छात्रों को हो रही परेशानियों का निराकरण करने के लिए ज्ञापन दिया था। अवधि पूरी होने पर शुक्रवार को फिर से संगठन का प्रतिनिधिमंडल कुलसचिव से मिलने पहुंचा। कुलसचिव कक्ष में हुई चर्चा के बाद भी जब कोई निष्कर्ष नहीं निकला तो छात्रों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद वे तीसरी मंजिल पर पहुंचे और एजेंसी के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने लगे। छात्रों की भीड़ देख एजेंसी कर्मियों ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद छात्रों ने बाहर से ताला डालकर सभी के निकलने का रास्ता बंद कर दिया। प्रदर्शन की अगुवाई एवीबीपी के गौरव मिश्रा, अमन बैशांदर, उत्कर्ष श्रीधर, अनमोल व्यास, सूरज दीक्षित, प्रिया राठौर, मुस्कान शिवहरे, रोहित सोनी, कृष्णकांत कुशवाह, श्याम महाजन, नितिन भार्गव, ऋषभ शर्मा, योगेश गुर्जर, अमित दीक्षित, मयंक पालीवाल सहित अन्य छात्र मौजूद थे।
तीन दिन का दिया समय
लगातार प्रदर्शन के बाद कुलसचिव डॉ. आईके मंसूरी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. आरकेएस सेंगर, डीआर राजीव मिश्रा सहित अन्य अधिकारी छात्रों के बीच पहुंचे। छात्रों ने एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की और सभी लंबित परीक्षा परिणामों को तीन दिन में जारी किए जाने का अल्टीमेटम दिया। कुलसचिव ने छात्रों को परिणाम जारी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्र संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि 9 सितंबर शाम 4 बजे तक परिणाम घोषित नहीं हुए तो दोबारा से उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
पुलिस करती रिकॉर्डिंग
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने जेयू प्रबंधन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। लगातार तेज हो रही नारेबाजी के बीच विवि के किसी कर्मचारी ने विश्वविद्यालय थाना पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद थाने से आधा दर्जन पुलिसकर्मियों ने आकर प्रदर्शन स्थल पर निगरानी शुरू कर दी। इसके साथ ही पुलिसकर्मी पूरे प्रदर्शन के वीडियो बनाते रहे।
Published on:
07 Sept 2019 07:15 am
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
