- गाजे-बाजे के साथ नगर भ्रमण पर निकले भगवान व्यंकटेश
ग्वालियर. वेंकटरमणा गोविंदा, श्रीनिवासा गोविंदा के उद्घोषो की गूंज एवं भजन गाते हुए भक्तगणों के साथ शुक्रवार को भगवान व्यंकटेश अपनी श्रीशक्तियों, श्रीदेवी एवं भूदेवी के साथ भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकले। नई सडक़ स्थित जानकी वल्लभ मंदिर में चल रहे पांच दिवसीय ब्रह्मोत्सव समारोह के पांचवे और अंतिम दिन दोपहर में भगवान व्यंकटेश की शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई। शोभा यात्रा का शुभारंभ नागोरिया पीठ के विष्णुप्रपन्नाचार्य महाराज ने विधिवत पूजा पाठ एवं आरती उतार कर किया। शोभा यात्रा का प्रथम पूजन मध्य प्रदेश सरकार के गौ संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरी ने किया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे पारंपरिक वस्त्रों में सिर पर श्री धारण किए हुए चल रहे थे। भक्तगण भजन-कीर्तन एवं नृत्य भी कर रहे थे। शोभा यात्रा जिन-जिन मार्गों से निकली वहां के रहवासियों एवं दुकानदारों ने शोभा यात्रा पर पुष्पवर्षा कर एवं आरती उतारकर स्वागत किया। साथ ही प्रसाद वितरण भी किया। शोभायात्रा में मंदिर कमेटी के भरत झंवर, कमल बांगड़, राजेंद्र अग्रवाल, रामवतार वर्मा, प्रियदर्शनी नागोरी, पद्मा कुइया आदि शामिल थी।
यहां से निकली शोभायात्रा
शोभा यात्रा नई सडक़ से प्रारंभ होकर गस्त का ताजिया, पाटनकर बाजार, दौलतगंज, जीवाजी चौक, भाऊ का बाजार, सराफा बाजार, डीडवाना ओली होते हुए पुन: मंदिर परिसर पर संपन्न हुई। शहर के प्रसिद्ध कलाकार राम उपाध्याय भगवान व्यंकटेश की शोभायात्रा के दौरान पूरे समय आकर्षण का केंद्र बने रहे। राम पंचमुखी हनुमान की झांकी में राम-लक्ष्मण, शेषनाग के साथ गदा हाथों में लिए चल रहे थे।
रथ को खींच रहेे थे भक्त
पांच दिवसीय ब्रह्मोत्सव समारोह में निकाली गई भगवान व्यंकटेश की शोभायात्रा में जहां आगे-आगे श्रद्धालु चल रहे थे, वहीं पीछे चल रहे भगवान व्यंकटेश के रथ को भक्त खींच रहे थे। रथ में श्रीदेवी एवं भूदेवी भी विराजमान थीं। शोभायात्रा में मंदिर कमेटी के भरत झंवर, कमल बांगड़, राजेंद्र अग्रवाल, रामवतार वर्मा, प्रियदर्शनी नागोरी, पद्मा कुइया आदि शामिल थी।