
सड़क नहीं बनने से गुस्साए ग्रामीणों ने गांव में नेताओं के प्रवेश पर लगाया प्रतिबंध
झाबुआ. एक तरफ देश चंद्रमा पर पहुंचने वाला है तो दूसरी तरफ झाबुआ जिला मुख्यालय से महज 12 किमी दूर स्थित ग्राम पंचायत खेड़ी में आजादी के 77 साल में सड़क ही नहीं बन पाई है। ये हाल तब है जब खुद प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री गोपाल भार्गव और प्रभारी मंत्री इंदरसिंह परमार गांव में जाकर ग्रामीणों को सड़क निर्माण का भरोसा देकर आए। इसके बावजूद जब कोई कार्र्रवाई नहीं हुई तो आखिरकार ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने दो टूक कह दिया है कि अब जब तक सड़क नहीं बनेगी तब तक किसी भी पार्टी के नेता को गांव में नहीं घुसने देंगे।
ग्रामीणों ने आने वाले विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान भी किया है। गौरतलब है कि ग्राम पंचायत खेड़ी बैतूल-अहदाबाद नेशनल हाईवे से करीब 8 किमी अंदर है। गांव की आबादी करीब 12 हजार है और इसमें 4 हजार मतदाता भी शामिल है। यहां के ग्रामीणों वर्षों से सड़क निर्माण की मांग उठाते आ रहे हैं, इसके बाद भी आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। पूर्व में लोक निर्माण मंत्री और प्रभारी मंत्री जब गांव में आए तो ग्रामीणों ने उन्हें भी सड़क निर्माण के लिए मांग पत्र सौंपा था। दोनों मंत्रियों ने आश्वासन दिया, परन्तु स्थिति आज भी जस की तस है। जिससे ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। वे सरपंच दिनेश भाबोर के नेतृत्व में मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंच गए। उन्होंने कलेक्टर तन्वी हुड्डा के सामने एक बार फिर अपनी बात रखी।
कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। रोड निर्माण के लिए एक बार सर्वे भी हो चुका है बताया जाता है कि लोक निर्माण विभाग मंत्री को ग्रामीणों द्वारा मांग पत्र सौंपे जाने के बाद गांव में रोड निर्माण के लिए सर्वे भी हुआ था। जिसमें 8 किमी रोड निर्माण के लिए 7 करोड़ 20 लाख रुपए प्रस्तावित लागत बतार्ई थी। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के ईई द्वारा बकायदा अधीक्षण यंत्री इंदौर को एक पत्र भी भेजा था। इस बात को भी करीब 8 माह बीत चुके हैं।
दो टूक... नेताओं को नहीं घुसने देंगे
गांव में ग्राम पंचायत खेड़ी के सरपंच दिनेश भाबोर व ग्रामीण कमलसिंह बबेरिया सहित अन्य लोगों ने कहा झाबुआ से 12 किमी दूर स्थित हमारे गांव खेड़ी में आज तक सड़क नहीं बन पाई है। जितने भी नेता आए उन्होंने केवल हमारा इस्तेमाल किया है। हर नेता यही कहकर जाता है कि हमें वोट देना अगली बार हम आपकी सड़क जरूर बनवा देंगे। इस बार हमारे गांव के युवाओं ने ठाना है कि जब तक गांव में रोड का निर्माण नहीं होगा तो हम चुनाव का बहिष्कार करेंगे। हम किसी भी राजनेता को गांव में घुसने नहीं देंगे। बजट में प्रावधान होने पर करेंगे रोड का निर्माण &जब तक बजट में प्रावधान नहीं किया जाता तब तक रोड का निर्माण संभव नहीं है। जब विधानसभा सत्र लगता है उसी वक्त बजट पारित किया जाता है।
एएम गौरी, ईई, पीडब्ल्यूडी, झाबुआ
Published on:
22 Aug 2023 11:57 pm

बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
