
मोतीझील प्लांट पर लगा वाटर ट्रीटमेंट।
ग्वालियर में पानी की जांच की पूरी व्यवस्था वेंटिलेटर पर ही है
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से अब तक 35 लोगों की मौत हो चुकी है। ग्वालियर में कोई बड़ा नुकसान भले न हुआ हो, लेकिन पानी की जांच की पूरी व्यवस्था यहां भी वेंटिलेटर पर ही है। 18 लाख आबादी को रोज लगभग 330 मिलियन लीटर पानी सप्लाई होता है। इसके लिए फिल्टर प्लांट से लेकर पाइप लाइन तक तो बने हुए हैं। लेकिन, मॉनिटरिंग के लिए न इंजीनियर हैं, न केमिस्ट और न जमीनी अमला। प्लांट पर हर घंटे पानी की टेस्टिंग होनी चाहिए, जो की सही ढग़ से प्रापर नहीं होने के साथ दिन में एक ही बार हो रही है। प्लांट्स में लगे फिल्टर को हर 8 घंटे में बैक फ्लश किया जाना चाहिए, जो कि प्रॉपर नहीं हो पा रहा है। इतना ही बताया जा रहा है कि अप्रशिक्षित स्टाफ भी है। हालांकि शहर में लगातार गंदे पानी की शिकायतें आने के चलते घरों से सैंपल जांच की व्यवस्था खत्म होने के बाद एक बार फिर से निगम ने शुरू कराने का दावा किया है। लेकिन अभी भी छोटे लीकेज और उनके कारण पानी में गंदगी का पता ही नहीं लग पा रहा है, इससे गंदे पानी की शिकायतें भी बढ़ रही है।
ये है खामियां… जिनसे घरों तक पहुंचने वाले पानी पर संदेह
फिल्टर प्लांट… कहीं ठेकेदार, तो कहीं कर्मचारियों के भरोसे व्यवस्था
जलालपुर, तिघरा व मोतीझील के चार ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन और संधारण, 104 पानी की टंकियां, लाइनों का संधारण और संचालन के कार्य का ठेका निगम ने विष्णु प्रकाश पुंगलिया कंपनी को पांच साल के लिए 47.25 करोड़ में दिया है। ऐसे में ये प्लांट ठेके पर हैं। ठेकेदार को क्वालिफाइड स्टाफ रखना चाहिए पर यहां एक -दो को छोड़ दे तो कर्मचारियों के भरोसे है। वही स्टाफ भी कम है।
पानी की जांच… केमिस्ट एनालिस्ट मिलकर कर रहे काम,जबकि केमिस्ट को करना चाहिए
निगम में सिर्फ केमिस्ट और एनालिस्ट को मिलाकर कुल तीन लोग पदस्थ हैं। फिल्टर प्लांट्स पर कच्चे पानी से लेकर फिल्टर्ड पानी की जांच का काम कभी केमिस्ट तो कभी एनालिस्ट कर रहे हैं। जबकि ये एनालिस्ट सिर्फ रीडिंग लेना जानते हैं। पानी साफ करने को कितना एलम या अन्य केमिकल मिलाना है, ये फैसला कैमिस्ट ही ले सकता है।
क्लोरीन… तालाब के प्लांट पर इसके लिए कोई व्यवस्था ही नहीं…
फिल्टर प्लांट में पानी के बैक्टीरिया खत्म करने क्लोरीन उपयोग होता है। केंद्र के मापदंड के अनुसार घर तक पहुंचने वाले पानी में 0.2 पीपीएम क्लोरीन मिलना चाहिए। तिघरा से आने वाले पानी में इसके लिए मोतीझील प्लांट पर क्लोरीन प्लांट है। जबकि जलालपुर व तिघरा पर नहीं।
मिट्टी और शैवाल… पर इनकी सही ढंग से सफाई नहीं
बारिश अथवा लाइन में लीकेज होने से कच्चे पानी के साथ मिट्टी और शैवाल आ जाते हैं। मिट्टी एलम से साफ हो जाती है, लेकिन शैवाल होने पर फिटकरी मिलकर पानी और मटमैला कर देती है। इसलिए शैवाल अलग करना जरूरी है, जो कि अनट्रेंड स्टाफ नहीं कर पाता है।
घरों से सैंपल लेना दस साल फिर से चालू
पहले निगम अमला घरों में जाकर पानी चेक करता था। लेकिन दस साल से इन्हें बंद कर रखा था और अब पीएचई अमला सिर्फ शिकायत आने पर ही पहुंचता है। लेकिन लगातार गंदे पानी की शिकायत पर फिर से उसे चालू करा रहे है। लेकिन प्लांट पर पदस्थ स्टाफ व अधिकारी काम की निगरानी प्रॉपर नहीं कर पा रहे है, इससे लगातार गंदे पानी की शिकायतें आ रही है।
यहां अक्सर होती है गंदे पानी की सप्लाई
झाडू वाला मोहल्ला,कैलाश नगर,सदाशिव नगर, आदित्यपुरम,भरतसिंह नगर,प्रगति बिहार,जाटव मोहल्ला, नई सडक़,केथ वाली गली,निम्बालकर की गोठ, गडढे वाला मोहल्ला,कुम्हारों का मोहल्ला, पवनसुत कॉलोनी,हुरावली,प्रजापति मोहल्ला,गोलपहाडिय़ा,गैंडेवाली सडक़,जागृति नगर।
एनएबीएल सर्टिफिकेट निगम के पास ही नहीं
पेयजल सप्लाई से पूर्व पानी की टेस्टिंग के लिए प्लांट पर लैब बनाई है और कच्चे पानी में मशीन डालकर टर्बिडिटी, पीएच वेल्यू, इलेक्ट्रिकल कंडक्टीविटी(ईसी), डिजॉल्व ऑक्सीजन(डीओ), एल्केलाइन, हार्डेनस, आयरन, फ्लोराइड, नाइट्रेट, क्लोराइट, टैपरेचर व टीडीएस की जांच भी होने का दावा अफसर कर रहे है। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय स्तर के नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेटरीज (एनएबीएल) की रिपोर्ट को ही मान्य करता है, जो निगम के पास नहीं है।
अभी तक हम 1600 पानी की सैंपल की जांच करा चुके हैं,कहीं भी कोई गडबड़ी नहीं आई है। रिपोर्ट भी ओके आ रही है, गंदे पानी की समस्या लोकल स्तर पर है।
शिशिर श्रीवास्तव,लैब इंचार्ज
मोतीझील-तिघरा प्लांट पर निगम तो जलालपुर प्लांट पर ठेकेदार का स्टाफ पदस्थ है। यह स्टाफ कम जरूर हैं,लेकिन हम प्रॉपर ढंग से जांच करा रहे है। शिकायत आने पर जांच भी करते हैं,लोकल की वजह से गंदा पानी आ रहा होगा।
हेमंत शर्मा,मोतीझील,जलालपुर प्लांट प्रभारी
Updated on:
02 Mar 2026 12:57 pm
Published on:
02 Mar 2026 12:56 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
