
Gwalior railway station (Photo Source: AI Image)
MP News: रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य से इसका नया स्वरूप अब दिखाई देने लगा है। यह एयरपोर्ट की तर्ज पर आधुनिक और सुरक्षित रूप में नजर आएगा। स्टेशन का पुनर्विकास कार्य अंतिम चरण में है और इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह हाईटेक बनाने की तैयारी की जा रही है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद ग्वालियर स्टेशन में प्लेटफॉर्म तक पहुंचने से पहले प्रत्येक यात्री और उसके सामान की सघन जांच अनिवार्य होगी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के स्थानीय अधिकारियों द्वारा तैयार योजना के तहत स्टेशन परिसर में 19 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और लगेज स्कैनर मशीनें लगाई जाएंगी।
ये उपकरण कॉन्कोर्स के प्रवेश और निकास द्वार, वीआईपी एंट्री गेट तथा पार्सल ऑफिस पर स्थापित किए जाएंगे। यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले इन मशीनों से होकर गुजरना होगा, जिससे किसी भी संदिग्ध वस्तु की तुरंत पहचान की जा सके। इसके अलावा पूरे स्टेशन को अत्याधुनिक स्मोक डिटेक्शन सिस्टम से भी लैस किया जाएगा। धूम्रपान करते ही अलार्म बज उठेगा और संबंधित व्यक्ति पर जुर्माना लगाया जाएगा। यह व्यवस्था यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
पार्सल ऑफिस में लगभग डेढ़ साल पहले एक लगेज स्कैनर मशीन लगाई गई थी, लेकिन यात्रियों द्वारा सामान स्कैनर से न कराने के कारण वह बंद हो गई थी। अब एक बार फिर रेलवे ने इसे प्रभावी बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
रेलवे स्टेशन के अंदर आने वाले यात्रियों की जांच सख्ती से की जाएगी। इससे धूम्रपान और अन्य घटनाओं पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा। इसके लिए विस्तृत योजना तैयार की जा रही है। यह व्यवस्था प्लेटफॉर्म के साथ-साथ पार्सल बुकिंग में भी लागू की जाएगी। मनोज शर्मा, टीआई, आरपीएफ
अब तक स्टेशन पर लगेज स्कैनर की सुविधा उपलब्ध नहीं थी और जांच मैन्युअल तरीके से की जाती थी। नई प्रणाली लागू होने के बाद हर बैग की स्क्रीनिंग होगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। अधिकारियों का मानना है कि बढ़ती यात्री संख्या और वर्तमान सुरक्षा आवश्यकताओं को देखते हुए यह कदम समय की मांग है।
Published on:
02 Mar 2026 01:29 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
