हनुमानगढ़ पुलिस की 34 टीम ने 170 जगहों पर दी दबिश, 123 जने गिरफ्तार
– वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाया विशेष अभियान
हनुमानगढ़. जिला पुलिस की 34 टीम ने शनिवार रात्रि व रविवार को विशेष अभियान के तहत 170 स्थानों पर दबिश देकर विभिन्न प्रकरणों में 123 जनों को गिरफ्तार किया। आईजी बीकानेर ओमप्रकाश व एसपी सुधीर चौधरी के आदेश पर एएसपी जस्साराम बोस के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए हनुमानगढ़ सर्किल एवं संगरिया सर्किल में विशेष अभियान चलाया गया। दबिश की कार्यवाही में 198 पुलिसकर्मी शामिल हुए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में दो, आबकारी अधिनियम में 10, आम्र्स एक्ट में दो, जुआ अध्यादेश में 23 व दो स्थाई वारण्टी, सात मुकदमों में वांछित, 21 गिरफ्तारी वारण्टी तथा 28 व्यक्ति 151 सीआरपीसी में गिरफ्तार किए गए। इसके अलावा पांच मोटर साइकिलों को मोटर वाहर अधिनियम के तहत जब्त किया गया। अन्य पुलिस सर्किलों में भी इस अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट में एक प्रकरण दर्ज कर एक जने को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त जुआ अध्यादेश में सात, अन्य अधिनियम में दो, स्थाई वारण्टी एक, मुकदमों में वांछित दो, गिरफ्तारी वारण्टी छह तथा नौ जने 151 सीआरपीसी में गिरफ्तार किए गए। इस तरह पुलिस सर्किल रावतसर, नोहर, भादरा में कुल 28 जनों को अभियान में दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।
ननिहाल जाने का कहकर घर से निकला, अब तक नहीं लौटा युवक
हनुमानगढ़. ननिहाल जाने का कहकर घर से निकला युवक एक सप्ताह बाद भी घर नहीं लौटा है। उसका मोबाइल फोन भी बंद है तथा कोई खोज-खबर नहीं है। इस संबंध में टाउन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। चौहिलांवाली निवासी सुभाष वर्मा ने पुलिस को बताया कि उसका 21 वर्षीय पुत्र अभिनव उर्फ बिट्टू 29 मई की शाम को घर से निकला था। उसने ननिहाल गोलूवाला जाने का कहा था। मगर वह ना तो गोलूवाला पहुंचा और ना ही वापस घर लौटा। इसके अगले दिन 30 मई को उसने अपने खाते से जयपुर स्थित एटीएम से 1500 रुपए निकलवाए। इसके बाद से उसके संबंध में कोई सुराग नहीं लग सका है। मोबाइल फोन भी निरंतर बंद आ रहा है। अभिनव ने इस साल एनएम पीजी कॉलेज से एमए की परीक्षा दी है। उसका रंग सांवला तथा पांच फीट नौ इंच हाइट है। उसके संबंध में किसी तरह की जानकारी मिलने पर टाउन थाने तथा पुलिस नियंत्रण कक्ष में सूचना दी जा सकती है।