राजीव गांधी शहरी व ग्रामीण ओलम्पिक खेलों की तिथि में फिर बदलाव
– अब 23 जून की बजाय 10 जुलाई से होंगे खेल शुरू
– 23 जून तक होंगे खिलाडिय़ों के पंजीयन
हनुमानगढ़. राज्य सरकार ने राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेलों के आयोजन की तिथि में एक बार फिर बदलाव किया है। अब यह 23 जून की बजाय 10 जुलाई से प्रारंभ होंगे। इनमें हिस्सा लेने के लिए खिलाडिय़ों के रजिस्ट्रेशन अब 23 जून तक कराए जा सकते हैं। खेल विभाग की विज्ञप्ति के अनुसार विद्यालयों में 26 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश है। विद्यालय खुलने बाद करीब एक सप्ताह तक नए नामांकन होंगे। इन खेलों में 60 प्रतिशत तक सहभागिता स्कूली विद्यार्थियों की होती है। ऐसे में इस महत्वपूर्ण तथ्य के साथ ही अन्य आवश्यक तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आयोजन की तिथि बदली गई है।
शहरी व ग्रामीण ओलम्पिक के आयोजन के लिए राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने बजट की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इसके साथ ही परिषद ने सभी जिलों के जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा अभियान (समसा) के नाम बजट राशि हस्तांतरित कर दी है। प्रदेश भर में शहरी व ग्रामीण ओलम्पिक के लिए दस करोड़ अड़सठ लाख रुपए का बजट दिया गया है। ओलम्पिक खेलों के सफल आयोजन के लिए सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। खिलाडिय़ों तथा टीम के पंजीयन में सहयोग के लिए पंचायत स्तर पर कार्यरत शारीरिक शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों को जिम्मेदारी दी गई है। गौरतलब है कि शहरी ओलम्पिक का प्रदेश के 8521 तथा हनुमानगढ़ जिले के 265 वार्डों में आयोजन होना है।
सबसे कम, सबसे ज्यादा
ओलम्पिक खेलों के आयोजन के लिए हनुमानगढ़ जिले को 25 लाख 37 हजार चार सौ रुपए का बजट जारी किया गया है। यदि प्रदेश में सबसे कम तथा सबसे अधिक बजट जारी करने की बात करें तो बाड़मेर तथा सिरोही व कोटा का नाम आता है। बाड़मेर जिले को सर्वाधिक बजट 63 लाख 34 हजार दो सौ रुपए जारी किया गया है। जबकि सबसे कम बजट सिरोही तथा कोटा जिले को अलग-अलग 16 लाख 15 हजार पांच सौ रुपए दिया गया है।
कौनसा कितने दिन
ग्रामीण ओलम्पिक के तहत ग्राम पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता चार, ब्लॉक स्तरीय पांच, जिला स्तरीय तीन तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता चार दिन चलेगी। वहीं शहरी ओलम्पिक में नपा, नप व ननि स्तरीय छह दिन, जिला स्तरीय तीन दिन तथा राज्य स्तरीय स्पर्धा चार दिन चलेगी।
किसमें कौनसा खेल
ग्रामीण ओलम्पिक में कबड्डी, टीबॉल क्रिकेट, वॉलीबाल, फुटबाल, खो-खो (महिला), शूटिंगबाल (पुरुष) एवं रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं शहरी ओलम्पिक में ग्रामीण ओलम्पिक के दो खेल शूटिंगबाल एवं रस्साकशी प्रतियोगिता नहीं होगी। इनके स्थान पर बास्केटबाल एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिता होगी, शेष खेल एक समान रहेंगे।