13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अगेती नहीं काम की, पछेती से आस

हनुमानगढ़. जिले में गत दिनों तेज बारिश की वजह से अगेती मूंग की फसल काफी प्रभावित हुई है। इससे किसानों में मायूसी है। इस बीच किसान खेतों में मूंग की कटाई में जुट गए हैं।

2 min read
Google source verification
अगेती नहीं काम की, पछेती से आस

अगेती नहीं काम की, पछेती से आस

जिले में बरसात से अगेती फसल की गुणवत्ता प्रभावित, सरकारी खरीद को लेकर केंद्र सरकार की मंजूरी का इंतजार
हनुमानगढ़. जिले में गत दिनों तेज बारिश की वजह से अगेती मूंग की फसल काफी प्रभावित हुई है। इससे किसानों में मायूसी है। इस बीच किसान खेतों में मूंग की कटाई में जुट गए हैं। जिले की बात करें तो अगेती मूंग की कुछ ढेरियां मंडियों में आने लगी है। लेकिन दाने काले पडऩे की वजह से इसके ठीक भाव किसानों को नहीं मिल रहे हैं। एमएसपी पर खरीद शुरू नहीं होने की वजह से किसानों को काफी नुकसान हो रहा है।
केंद्र सरकार ने इस बार मूंग का एमएसपी 8768 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। जिले में दस खरीद केंद्र भी स्वीकृत किए हैं। परंतु क्रॉप कटिंग का डाटा उपलब्ध नहीं होने की वजह से केंद्र सरकार ने अभी सरकारी खरीद को लेकर स्वीकृति प्रदान नहीं की है। इस वजह से राजफैड जिले की मंडियों में इसकी एमएसपी पर खरीद शुरू नहीं कर रहा। दो दिन पहले राजफैड के प्रबंध निदेशक टीकमचंद बोहरा ने जिले की मंडियों में जाकर मूंग फसल की गुणवत्ता जांची तो वर्तमान में आ रही ढेरियों की गुणवत्ता खरीद मानकों के अनुसार नहीं मिली।
दाने काले पडऩे की वजह से गुणवत्ता कमजोर मिली। अब केंद्र सरकार पर सबकी नजरें टिकी हुई है। जल्द पछेती फसल भी मंडियों में आनी शुरू हो जाएगी। ऐसे में सरकार जल्द एमएसपी पर इसकी खरीद शुरू करेगी तभी किसानों को कुछ आर्थिक संबल मिल सकेगा। एमएसपी व बाजार भाव में अभी 3000 से 3500 रुपए प्रति क्ंिवटल का अंतर आ रहा है। इससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उक्त दस केंद्र घोषित
बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार अक्टूबर के पहले सप्ताह तक खरीद को लेकर स्वीकृति जारी कर देगी। इसके बाद जिले में स्वीकृत सभी दस केंद्रों पर सरकारी खरीद शुरू हो सकेगी। जिले में हनुमानगढ़ जंक्शन, हनुमानगढ़ टाउन, रावतसर, पल्लू, भादरा, नोहर, पीलीबंगा, गोलूवाला, संगरिया व टिब्बी आदि क्रय विक्रय सहकारी समितियों को खरीद केंद्र बनाया गया है।

मंडी बाजार भाव
जंक्शन 4600
टाउन 5400
नोहर 4880
भादरा 4200
संगरिया 4790
गोलूवाला 5711
पीलीबंगा 5301

नोट: मूंग के उक्त बाजार भाव 15 सितम्बर 2025 के हैं जबकि इस फसल का एमएसपी 8768 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है।

अभी गुणवत्ता नहीं ठीक
राजफैड के प्रबंध निदेशक ने जिले की मंडियों का दौरा कर मूंग की गुणवत्ता जांची है। अगेती मूंग जो वर्तमान में मंडियों में आ रही है, सरकारी खरीद के लिहाज से उसकी गुणवत्ता ठीक नहीं बताई जा रही है। पछेती मूंग जो मंडी में आएगी, उसकी खरीद की तैयारी की जा रही है। खरीद केंद्र घोषित कर दिए हैं। केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने का इंतजार है।
-अमीलाल सहारण, उप रजिस्ट्रार, सहकारिता विभाग हनुमानगढ़।