14 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमएसपी के साथ बोनस का तडक़ा, इसलिए गेहूं पर ज्यादा भरोसा

हनुमानगढ़. एमएसपी और बोनस के साथ गेहूं खरीद करने से किसान इस फसल की खेती पर ज्यादा भरोसा हमेशा से जताते रहे हैं। इस बार भी जिले में इस फसल की बम्पर बिजाई होने की संभावना है।

2 min read
Google source verification
हनुमानगढ़: एक खेत में हुई गेहूं की बिजाई।

हनुमानगढ़: एक खेत में हुई गेहूं की बिजाई।

-इस बार बंपर बिजाई की संभावना, एमएसपी 160 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाने से किसान उत्साहित
-गत वर्ष की सरकारी खरीद के रिकॉर्ड को दोहराने का रहेगा प्रयास
हनुमानगढ़. एमएसपी और बोनस के साथ गेहूं खरीद करने से किसान इस फसल की खेती पर ज्यादा भरोसा हमेशा से जताते रहे हैं। इस बार भी जिले में इस फसल की बम्पर बिजाई होने की संभावना है। अब तक करीब पचास हजार हैक्टेयर में इसकी बिजाई हो चुकी है। करीब पौने तीन लाख हैक्टेयर में इसकी बिजाई का अनुमान है। तीस नवम्बर तक किसान इसकी बिजाई करेंगे। इस बार सभी नहरों में मांग के अनुसार सिंचाई पानी मिलने से किसान इस फसल की बिजाई की तरफ खूब रुझान दिखा रहे हैं। जानकारी के अनुसार प्रदेश में एमएसपी पर सर्वाधिक गेहूं खरीद हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर जिले में होती है। गत वर्ष गेहूं की सरकारी खरीद मामले में हनुमानगढ़ जिला पहले स्थान पर रहा था।
नकदी फसलों में शुमार इस फसल से काफी संख्या में किसानों की जेब भरती है। इसलिए किसान इस फसल की खेती की तरफ उत्साह दिखा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस बार भी सरकार इस फसल का एमएसपी बढ़ाएगी। इस फसल की समुचित खरीद के चलते किसान हर वर्ष इसकी खेती पर भरोसा जताते रहे हैं। जानकारी के अनुसार बीते रबी सीजन में गेहूं की फसल को सरकार ने 2550 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदा था।
इसमें 125 राज्य सरकार की तरफ से बोनस भी जुड़ा हुआ था। जबकि एमएसपी 2425 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित की गई थी। इस बार मतलब रबी वर्ष 2026-27 में सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 160 रुपए बढ़ाकर 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। गत वर्ष की तरह यदि सरकार 125 रुपए का बोनस देती है तो इस बार किसानों से गेहूं की फसल 2710 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदी जाएगी। नियोजित तरीके से खरीद पूरी होती है तो इससे किसानों को एमएसपी का समुचित लाभ मिल सकेगा।

रिकॉर्ड खरीद हुई थी जिले में
भारतीय खाद्य निगम हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर के सहायक महाप्रबंधक चौधरी अभिरीत ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले की बात करें तो रबी वर्ष 2025-26 में कुल 46716 किसानों से 8 लाख 62 हजार एमटी गेहूं की एमएसपी पर खरीद की गई थी। इसकी एवज में किसानों को 2219 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया था। जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक था। इस बार भी अच्छी बिजाई की जा रही है। इससे रिकॉर्ड खरीद करवाने का प्रयास रहेगा।

स्थिति साफ होने पर पत्राचार
गत वर्ष प्रदेश में गेहूं खरीद में हनुमानगढ़ जिला पहले स्थान पर रहा था। इस बार भी समय पर सभी तरह की तैयारियां पूर्ण करके समुचित तरीके से खरीद करवाने का प्रयास रहेगा। कितने खरीद केंद्रों की जरूरत पड़ेगी, इस संबंध में बिजाई की स्थिति साफ होने के बाद ही सरकार से पत्राचार करेंगे।
-सुनील घोड़ेला, डीएसओ, हनुमानगढ़।