
हनुमानगढ़ जिले में अब परीक्षा केन्द्रों के शत प्रतिशत पेपर ही पुलिस के पहरे में
हनुमानगढ़ जिले में अब परीक्षा केन्द्रों के शत प्रतिशत पेपर ही पुलिस के पहरे में
- सभी 175 बोर्ड परीक्षा केन्द्रों के पेपर रखवाए थानों व चौकियों में
- जिला मुख्यालय पर केन्द्राधीक्षकों को पेपर वितरण
- सुरक्षा के दृष्टिगत विद्यालयों की बजाय थानों में पेपर रखना बढ़ा
हनुमानगढ़. प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक की घटनाओं से सबक लेते हुए जिले से लेकर प्रदेश भर में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की परीक्षाओं के प्रश्न पत्रों को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हनुमानगढ़ में इस बार थानों व चौकियों में प्रश्न पत्र रखवाने का आंकड़ा शत प्रतिशत हो गया है। मतलब कि पहली बार जिले के सभी 175 परीक्षा केन्द्रों के पेपर थानों व चौकियों में रखवाए गए हैं। शिक्षा विभाग को प्रश्न पत्रों को पाठशालाओं की बजाय पुलिस थानों एवं चौकियों में रखवाना अधिक सुरक्षित लगता है। जबकि पांचेक साल पहले तक 75 से 80 प्रतिशत परीक्षा केन्द्रों के प्रश्न पत्र ही थानों व चौकियों में रखवाए जाते थे।
माशिबो, अजमेर की ओर से प्रश्न पत्र जिला मुख्यालय पर पहुंचाए जा चुके हैं। जंक्शन के सेक्टर 12 स्थित राउमावि संगम, संग्रहण वितरण केन्द्र में रविवार को कक्षा बारहवीं के प्रश्न पत्रों का वितरण किया गया। सीईओ जिला परिषद सुनीता चौधरी, डीईओ माध्यमिक मुख्यालय हंसराज जाजेवाल व एडीईओ माध्यमिक मुख्यालय के निर्देशन में प्रश्नों का वितरण केन्द्राधीक्षकों को किया गया। प्राचार्य सुनीता यादव, पवन कौशिक, अश्विनी शर्मा, राजेन्द्र शर्मा, हरजिन्द्र सिंह आदि ने भी पेपर वितरण में सहयोग किया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने केन्द्राधीक्षकों को प्रश्न पत्रों की सुरक्षा आदि के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
माइक्रो ऑब्जर्वर व उडऩ दस्ते
एडीईओ माध्यमिक मुख्यालय रणवीर शर्मा ने बताया कि कक्षा बारहवीं के प्रश्न पत्रों का वितरण रविवार को किया गया। उत्तर पुस्तिकाएं पहले ही संबंधित परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचा दी गई हैं। परीक्षा केन्द्रों की निगरानी के लिए डीईओ माध्यमिक मुख्यालय की ओर से उडऩ दस्ते गठित किए गए हैं। प्रश्न पत्र वितरण के दूसरे चरण में कक्षा दसवीं के पेपर का वितरण किया जाएगा।
एक घटा परीक्षा केन्द्र
जिले में इस बार एक परीक्षा केन्द्र कम हो गया है। इस साल 175 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जबकि गत वर्ष 176 परीक्षा केन्द्र थे। बोर्ड परीक्षा का आगाज 29 फरवरी से होगा। जिले में पांच निजी विद्यालयों में स्थापित परीक्षा केन्द्र एवं 24 राजकीय विद्यालय के परीक्षार्थियों वाले ऐसे केन्द्र हैं जिन पर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों के राजपत्रित अधिकारियों को माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है।
सरकारी पर विश्वास
जिले में परीक्षा केन्द्र खोलने की बात की जाए तो माशिबो अजमेर व शिक्षा विभाग का ज्यादा विश्वास सरकारी संस्थाओं में ही है। जिले में करीब एक दशक पहले तक निजी विद्यालयों में तीन दर्जन से अधिक परीक्षा केन्द्र स्थापित थे। अब यह संख्या केवल पांच रह गई है।
तो मान्य नहीं अवकाश
शिक्षा अधिकारियों के अनुसार बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत केन्द्राधीक्षक, अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक, पेपर संयोजक, वीक्षक व अन्य कार्मिकों की छुट्टियों की अर्जी मान्य नहीं होगी। जब तक वे मेडिकल बोर्ड की ओर से जारी चिकित्सा प्रमाण पत्र पेश नहीं करेंगे, उनका अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना के बाद सक्षम अधिकारी से ही अवकाश स्वीकृत कराना होगा।
जिला फैक्ट फाइल : बोर्ड परीक्षा
- कक्षा 12 की परीक्षा देंगे 23066
- 10 की परीक्षा देंगे 26733
- दो चरण में होगा पेपर वितरण
- कुल परीक्षा केन्द्र 175
- 10वीं की परीक्षा 7 मार्च से
- 12वीं की परीक्षा 29 फरवरी से
Updated on:
26 Feb 2024 12:48 pm
Published on:
26 Feb 2024 12:48 pm
