कांग्रेस की सभा में प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा बोले, अब मोदी जी का मोरिया बुलाना जरूरी है
-श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी कुलदीप इंदौरा के समर्थन में हनुमानगढ़ में सभा को किया संबोधित
हनुमानगढ़. लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार को हनुमानगढ़ में नवां के पास गुरनूर पैलेस में कांग्रेस की सभा हुई। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरा। डोटासरा ने कहा कि श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ में गत दिनों संपन्न विधानसभा चुनावों में दो-तीन सीटों पर यहां की जनता ने मोरिया ठीक बुलाए। अब मोदी जी का मोरिया बुलाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता नड्डा हों चाहे अमित शाह। इनके कार्यक्रम फेल हो रहे हैं। इस बार चुनावों में भाजपा के मोरिया बोलने वाले हैं। आगे कहा कि कांग्रेस ने जो गारंटी जनता को दी, उसे पूरा किया है। लेकिन भाजपा नेता चुनावों में जो वादा करते हैं, उसे बाद में जुमला का नाम देकर जिम्मेदारी से बच निकलते हैं। उन्होंने भूमि अधिग्रहण कानून के साथ ही तीन कृषि कानून का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की मोदी सरकार किसान विरोधी है। सत्ता में आने से पहले किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा करती है लेकिन जैसे ही सत्ता में आती है किसानों को कभी खालिस्तानी, अपराधी, चोर व शराबी का संबोधन देने लगती है। केंद्र की भाजपा सरकार इतनी निरंकुश हो गई कि अब उनके नेता संविधान बदलने की बात कह रहे हैं। इसे इंडिया गठबंधन बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि देश और संविधान को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन एकजुट होकर चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेगा। अच्छी संख्या में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी जीतकर संसद में पहुंचेगे। इससे भाजपा नेताओं का दिमाग ठिकाने लगेंगे। डोटासरा ने कहा कि नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बल्कि प्रचार मंत्री हैं। जो प्रचार के लिए घूमते रहते हैं। 2024 में अगर नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो संविधान को बदल दिया जाएगा। आरक्षण को खत्म कर दिया जाएगा। 2014 से जब से नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं वे कांग्रेस की नीतियों में कोई न कोई खामियां निकाल रहे हैं। महंगाई कम करने, किसान की कर्जमाफी, काला धान वापस लाने, भ्रष्टाचार समाप्त करने व एक साल में दो करोड़ नौजवानों को नौकरी देने सहित कई अन्य बातें की थी। लेकिन दस बरसों तक उन्होंने लोगों को सिर्फ गुमराह किया है। डोटासरा ने श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ से लोकसभा प्रत्याशी कुलदीप इंदौरा के समर्थन में वोट करके उन्हें जिताने की अपील की। ताकि जनता से किए गए वादों को कांग्रेस पूर्ण कर सके। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी, संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनियां, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, इंडिया गठबंधन के नेता रामेश्वर वर्मा, सचिन कौशिक सहित अन्य मौजूद रहे।
डबल इंजन सरकार के दोनों इंजन फेल हैं
कांग्रेस की सभा के बाद प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेस करके इस चुनाव में कांग्रेस को काफी सीटें मिलने की उम्मीद जताई। कितनी सीटें कांग्रेस के खाते में जाने की संभावना है, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा से अधिक सीटें कांग्रेस जीतेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का तो भाजपा के नेता ही मोरिया बुलाने में लगे हैं। इसलिए राजस्थान में इस बार काफी सीटें कांगे्रेस को मिलेगी। डोटासरा ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार के दोनों इंजन फेल हो रहे हैं। इससे काफी अच्छी कांग्रेस की सरकार थी। जिसने चिरंजीवी जैसी योजना को लाकर जनता को राहत दी। भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर विपक्ष को डरा धमका कर तोडऩे का प्रयास किया। जब वही नेता भाजपा में चले गए तो वह साफ सुथरे हो गए। डोटासरा ने आरोप लगाया कि चुनाव के वक्त जनता के मुद्दों को भूलकर भाजपा के नेता मंदिर, कब्रिस्तान व धर्म से संबंधित बातें करने लगते हैं। ताकि जनता का ध्यान भटकाया जा सके।
………………………………