नकल करने वाले गिरफ्तार, अभी नकल करवाने वाले बाकी, डैम से दिलाएंगे पूरा पानी
– नोहर में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा में बोले सीएम भजनलाल
– 18 मिनट के भाषण में भाजपा सरकार की गिनाई उपलब्धियां, कांग्रेस पर किए प्रहार
हनुमानगढ़. लोकसभा चूरू भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में नोहर धान मंडी में शनिवार को आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आंधी व बूंदाबांदी के बीच कांग्रेस पर जमकर बरसे। मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए भाजपा के लिए समर्थन मांगा। केन्द्र में पुन: प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनने का दावा किया। जन सभा के बाद विभिन्न दलों के कई जनों को सीएम की मौजूदगी में भाजपा में शामिल किया गया।
सीएम भजनलाल ने कहा कि हमने विधानसभा चुनाव में वादा किया था कि पेपर लीक के दोषियों पर कार्रवाई करेंगे। सरकार बनते ही एसआईटी गठित की। नकल करने वाले 85 प्रशिक्षित थानेदारों को गिरफ्तार किया। अभी नकल करवाने वाले बाकी हैं। कोई कितना भी बड़ा आदमी क्यों ना हो, हम किसी भी दोषी को छोडऩे वाले नहीं हैं। पेपर लीक से मेहनती युवाओं के सपने चूर-चूर हो जाते हैं। पेपर लीक से प्रताडि़त कई युवाओं ने आत्महत्या की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब क्षेत्र में हमारी नहरें 15 किलोमीटर कच्ची है, हमने उसको पक्की करने का कार्य शुरू करवाया है। पोंग डैम से पूरा पानी दिलवाने का कार्य भी हम करवाने जा रहे हैं। किसान सम्मान निधि की राशि सरकार ने बढ़ाई है। गेहूं की सरकारी खरीद पर राज्य सरकार किसानों को बोनस दे रही है। किसान सम्मान निधि पाने वाले किसानों की मौत के बाद पिछली राज्य सरकार ने नामांतरण सूची केंद्र सरकार को नहीं भेजी। इसके चलते मृतक परिवार के किसान को सम्मान निधि नहीं मिल रही थी। भाजपा सरकार ने 63 हजार किसानों की सूची केंद्र सरकार को भेजी और इसके बाद उनको सम्मान निधि मिलनी शुरू हो गई। सीएम ने कहा कि गरीब को दवा, पेंशन, मकान, सस्ता गैस सिलेंडर, नल से जल, पंडित दीनदयाल योजना में बिजली दी जा रही है। इसी से गरीब का भला होगा। हमारी सरकार ने 90 दिन की अवधि में संकल्प पत्र के 45 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर दिए हैं। इससे पहले सभा में कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से माला पहनाकर सीएम का स्वागत किया। इस दौरान किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी, कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत,
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुशील जोशी, पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया, मदरसा बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष मेहरूनिशा टाक, पूर्व प्रधान अमरसिंह पूनिया, रामकिशन भाकर, गुलाब सिंवर, उर्मिला बिजारणिया, धर्मपाल सिहाग आदि मंच पर मौजूद रहे।
धीरे-धीरे बढ़ रही गर्मी
मुख्यमंत्री ने कहा कि धीरे-धीरे गर्मी बढ़ रही है, इसके साथ चुनाव की गर्मी भी बढ़ रही है। इस दौरान दूसरी पार्टी के लोग आएंगे जिन्होंने जाति-धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम किया है।
पहले नारे, अब काम
मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि 2014 से पहले गरीबी हटाओ का नारा दिया जाता था। मगर गरीब और किसान की भलाई के लिए कार्य नहीं होता था, वे केवल नारों तक ही सीमित थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों व किसानों की भलाई के लिए काम हुआ है। गरीब कल्याण की योजना से लेकर सीमा की सुरक्षा तक कार्य किया गया है।
आसमान से पाताल तक भ्रष्टाचार
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले भ्रष्टाचार की कहानी लिखी जाती थी, कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी थी। आसमान से लेकर जमीन व पाताल तक में हजारों करोड़ के घोटाले होते थे। आतंकी हमले होते थे और सैनिकों के सिर काटकर दुश्मन ले जाते थे। 2014 के बाद कोई आया क्या, एक बार आए तो घर में घुसकर मारा। प्रधानमंत्री ने कहा था कि उधर से गोली आएगी तो इधर से गोला जाएगा। आज हमारी सीमाएं पहले की तुलना में ज्यादा सुरक्षित हैं
बंसीवाला भेज देता बरसात
सीएम भजनलाल ने कहा कि बाड़मेर व सूरतगढ़ में सभा के दौरान बूंदाबांदी हुई थी, आज यहां भी आंधी के बाद बूंदाबादी हो रही है। मैं जहां भी जाता हूं, वहां पीछे-पीछे बंसीवाला बरसात भेज देता है। यह अच्छा संयोग है। उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा सभी 25 सीट पहले की तुलना में और ज्यादा अंतर से जीतेगी।
नोहर का विकास प्राथमिकता से
सीएम भजनलाल ने कहा कि भले ही अभिषेक मटोरिया मामूली अंतर से चुनाव हार गए। मगर हमारे विधायक मटोरिया ही हैं। वे जो कहेंगे, वह एक-एक काम हम करेंगे। नोहर क्षेत्र का विकास प्राथमिकता से करेंगे।
540 की हार का कर्ज
पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने कार्यकर्ताओं से कहा कि विधानसभा चुनाव में 540 मतों की हार का कर्ज उतारना है। इसके लिए सब कमर कस लो। नोहर क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार को रेकॉर्ड मतों से जिताना है। हालांकि 540 की हार को कभी विकाय कार्यों में बाधा नहीं बनने देंगे।
‘पीएम के 400 पार के संकल्प को पूरा करने में जुट जाएं’
भादरा. कस्बे वीडीएस पैलेस में शनिवार को लोकसभा क्षेत्र चूरू से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र झाझडिय़ा के समर्थन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनसभा हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की महान शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। हम सबको मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के 400 पार के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार हर वर्ग के लिए शानदार कार्य कर रही है। भादरा क्षेत्र की खुशहाली और सिंचाई पानी के लिए विधायक संजीव बेनीवाल से वार्ता कर समस्याओं का निराकरण करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब देश विपक्षी पार्टियों की चालबाजियां समझ चुका है। उन्होंने कहा कि नकल माफियाओं पर प्रदेश सरकार कठोर कार्रवाई कर रही है। दोषियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और नकल माफिया के पीछे जो बड़े लोग हैं उनको भी नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आने वाले समय में प्रदेश में इंडस्ट्री क्षेत्र को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं और युवाओं की हर स्तर पर मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करेगी।
राज्य सामाजिक कल्याण न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि हमारा देश प्रधानमंत्री मोदी के सक्षम नेतृत्व में विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। इसमें अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए मार्ग प्रशस्त होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शानदार कार्य करते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है। गहलोत ने कहा कि प्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा की जीत तय है। प्रधानमंत्री मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना और भाजपा की केंद्र में सरकार आना भारत के बढ़ते भाग्य और सौभाग्य की बात होगी।
विधायक संजीव बेनीवाल ने कहा कि पिछले 10 सालों में केंद्र सरकार ने हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के नेतृत्व में पिछली कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में भ्रष्टाचार, घूसखोरी नकल माफिया, बलात्कार जैसे अपराधों पर कोई संज्ञान नहीं लिया। पिछले 5 सालों में भय व भ्रष्टाचार का दौर चला। उन्होंने जनता का धन्यवाद देते हुए कहा कि अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश की सरकार भादरा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का कार्य करेगी।
उन्होंने भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र झाझडिय़ा को अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। समारोह में राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक, पूर्व संसदीय सचिव जयदीप डूडी, डॉ.एसपी सिंह, प्रधान अनिल ओलख, नगरपालिका अध्यक्ष बलवंत सैनी ,वरिष्ठ भाजपा नेता मांगीलाल गोयल, पार्षद हरीप्रकाश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष एवं संयोजक अनूपसिंह शेखावत, सहसंयोजक सुनील बेनीवाल, पूर्व प्रदेश मंत्री काशीराम गोदारा, सहित जिला परिषद पंचायत, समिति के सदस्य भारतीय जनता पार्टी के पांचो नगर मंडल के अध्यक्षों सहित, बजरंग सहारण, दयानन्द बेरवाल, संदीप डूडी, हेमन्त पचार, एडवोकेट राजीव कस्वां, दुनीराम चबरवाल, मांगूसिंह गोगामेड़ी, बसन्त शर्मा, जगदीश गर्ग, राजकुमार जोशी, सत्यप्रकाश चाहर, महेन्द्र गुर्जर, रामस्वरूप गिल, पुरूषोतम कालीरावणा, पार्षद नन्दलाल सैनी आदि उपस्थित रहे।
इससे पहले मुख्यमंत्री का विधायक संजीव बेनीवाल के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने साफा पहनाकर एवं पुष्प मालाओं से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री का युवा मोर्चा ,महिला मोर्चा, एससी मोर्चा ,मुस्लिम समाज व ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न समाजों व भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों ने सामूहिक रूप से अभिनंदन किया एवं समाज से संबंधित कार्यो व समस्या समाधान के लिए ज्ञापन सौंपे।
अचानक बदला कार्यक्रम
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पहले हैलीकॉप्टर से भादरा पहुंचने का कार्यक्रम था। इसके लिए एक निजी स्कूल में हैलीपेड बनाया गया था। हैलीपैड पर मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए 80 लोगों को सम्मिलित किया गया था। मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए अनेक लोग पुष्प व मालाएं लेकर गए थे। किन्तु यह कार्यक्रम रद्द होने के चलते हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का स्वागत करने वाले लोगों को निराशा हुई। मुख्यमंत्री सडक़ मार्ग से ही हनुमानगढ़ से भादरा पहुंचे व भादरा से नोहर के लिए रवाना हुए।