सोशल मीडिया से हनुमानगढ़ के युवक आए रितिक बॉक्सर के संपर्क में, रैकी व फायरिंग करने पर मिलने थे 10 लाख
– डॉ. पारस जैन से फिरौती मांगने के मामले में रितिक बॉक्सर के दो गुर्गे गिरफ्तार
– एक बाल अपचारी को किया निरुद्ध
– 2 देशी पिस्तौल व 14 कारतूस बरामद
– तीनों ही आरोपियों का पहले से नहीं कोई अपराधिक रेकॉर्ड
हनुमानगढ़. शहर के प्रख्यात चिकित्सक को जान से मारने की धमकी देकर एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के चर्चित मामले में पुलिस ने शुक्रवार को दो जनों को गिरफ्तार किया। साथ ही एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया। उनके कब्जे से दो देशी पिस्तौल तथा 14 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। तीनों जने ही हनुमानगढ़ जिले के निवासी हैं तथा सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टर रितिक बॉक्सर के संपर्क में आए थे। हालांकि इससे पहले आरोपियों का कोई पुलिस रिकॉर्ड नहीं है।
डीएसपी रमेशचंद्र माचरा ने शुक्रवार शाम डीएसपी कार्यालय में प्रेस वार्ता में बताया कि चिकित्सक से फिरौती मांगने के आरोप में रहमान उर्फ बबलु (18) पुत्र भार अली निवासी वार्ड पांच नई खुंज, हनुमानगढ़ जंक्शन एवं चंदन सिडाना (19) पुत्र राकेश कुमार अरोड़ा उर्फ रीड सिडाना निवासी सहजीपुरा पीएस सदर हनुमानगढ़ हाल मां अम्बे वैली कॉलोनी हनुमानगढ़ जंक्शन को गिरफ्तार किया गया है। एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है। तीनों जनों के कब्जे से दो देशी पिस्तौल 12 एवं 315 बोर तथा 14 कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस प्रकरण में अन्य की संलिप्तता, हथियारों की सप्लाई आदि को लेकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पड़ताल को टीम गठित
मामला दर्ज करने के बाद एसपी डॉ. अजय सिंह के निर्देश पर डीएसपी रमेश माचरा के सुपरविजन में थाना प्रभारी दिनेश सारण के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसमें डीएसटी हनुमानगढ़ प्रभारी बिशन सहाय व उनकी टीम को भी शामिल किया गया। पुलिस दल ने तकनीकी व मानवीय आसूचना से अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनको दबोचने में सफलता हासिल की। पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल पुरुषोत्तम पचार, राकेश रमाणा, कांस्टेबल कृष्ण सिंह, योगेन्द्र सिंह तथा चालक सुभाषचंद्र भी शामिल रहे।
दस-दस लाख देना तय
डीएसपी रमेशचंद्र माचरा ने बताया कि तीनों आरोपी सोशल मीडिया के जरिए रितिक बॉक्सर के संपर्क में आए। इसके बाद उनको मोबाइल फोन के जरिए ही रितिक बॉक्सर से निर्देश मिल रहे थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रितिक बॉक्सर ने डॉ. पारस जैन के अस्पताल एवं निवास स्थान की रैकी कर फोटो व वीडियो भेजने तथा निर्देश मिलने पर फायरिंग करने के बदले में 10-10 लाख रुपए देने का वादा किया था। इसके बाद फिरौती मांगने से पहले आरोपियों ने चिकित्सक के अस्पताल व घर की रैकी की।
रितिक बॉक्सर को पांच साल की सजा
डीएसपी रमेशचंद्र माचरा ने बताया कि जनवरी 2021 में व्यापारी इंद्रजीत हिसारिया से फिरौती मांगने के प्रकरण में रितिक बॉक्सर को हनुमानगढ़ कोर्ट 20 नवम्बर 2022 को पांच साल की सजा सुना चुकी है। उस प्रकरण की जांच के दौरान रितिक बॉक्सर के फिंगर प्रिंट व रेटिना स्कैन किया गया था। रितिक बॉक्सर को विदेश भागने से रोकने के लिए इमीग्रेशन विभाग को कार्यवाही के लिए पुलिस की ओर से पत्र लिखा जा चुका है। रितिक बॉक्सर की ओर से उच्च न्यायालय में सजा के खिलाफ अपील दायर की गई थी जो स्वीकार की जा चुकी है। इस कारण वह जमानत पर है। उसकी उच्च न्यायालय से जमानत खारिज करवाने की कार्यवाई भी की जा रही है।
क्या था मामला
हनुमानगढ़ टाउन के डॉ. पारसमल जैन (75) पुत्र दुलीचंद जैन निवासी प्रेक्षा विहार विजय सिनेमा के सामने, टाउन ने 27 जनवरी को टाउन थाने में मामला दर्ज कराया था। उन्होंने पुलिस को रिपोर्ट दी कि 26 जनवरी को उनके मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाले ने स्वयं को अनमोल बिश्नोई तथा लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया। एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी तथा पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दिन जंक्शन थाने में भाजपा पार्षद राजेन्द्र चौधरी तथा गुरदीपसिंह बराड़ से 60-60 लाख रुपए फिरौती मांगने का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस इस मामले में भी गिरफ्तार आरोपियों की संलिप्तता जानने को लेकर जांच में जुटी हुई है।