हनुमानगढ़ जिले में घग्घर में घटा पानी, पंजाब के मानसा में बाढ़ पीडि़तों की सेवा के लिए दल रवाना
-नदी तट पर अब भी पहरा दे रहे लोग
हनुमानगढ़. घग्घर नदी में धीरे-धीरे पानी घटने लगा है।इस नदी में करीब चार हजार क्यूसेक पानी कम हो गया है। ओटू हैड से 22 जुलाई 2023 को राजस्थान क्षेत्र के लिए इस नदी में 40700 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जबकि 23 जुलाई को पानी घटकर 36600 क्यूसेक रह गया। इस तरह पानी का फ्लो कम होने से कुछ राहत मिली है। आवक में कमी आने से घग्घर के नाली बेड में भी पानी कम कर दिया गया है। एक दिन पहले इसमें 7049 क्यूसेक पानी चलाया जा रहा था। इसकी तुलना में इसमें पानी घटाकर अब 6897 क्यूसेक कर दिया गया है। नाली बेड में जगह-जगह से बंधे लगे होने की वजह से इसमें पानी के प्रवाह में दिक्कतें आ रही थी। गांव-शहर के लोग बंधों के आसपास ठीकरी पहरा लगा रहे हैं। आपदा राहत दल लगातार नदी की निगरानी में जुटा हुआ है। मनरेगा श्रमिकों के जरिए बंधों को मजबूत किया जा रहा है। ताकि भविष्य में नदी के उद्गम स्थल के आसपास फिर बारिश होने पर नदी में पानी का प्रवाह सुचारू रूप से हो सके। विभिन्न संगठनों के लोग बंधों को मजबूत करने में जुटे लोगों की सेवा में जुटे हुए हैं। घग्घर के नाली बेड का पानी रविवार रात साढ़े आठ बजे अनूपगढ़ रेलवे पुल के पास पहुंच गया। अनूपगढ़ व इसके आसपास के लोग पानी पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। इस बीच हनुमानगढ़ शहर में लोग घरों के आगे मिट्टी के थैले रखवा रहे हैं। ताकि बाढ़ की स्थिति में घरों की सुरक्षा हो सके।
बाढ़ पीडि़तों की सेवा के लिए रवाना
हनुमानगढ. पंजाब में मानसा व इसके आसपास में बाढ़ की चपेट में आए लोगों की मदद के लिए आम आदमी पार्टी व विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से भंडारा दल को रवाना किया गया। इसमें चार हजार से अधिक पानी की बोतलें व अन्य वस्तुएं शामिल रही। समाजसेवी युद्धिष्ठिर गक्खड़ भारतीय ने कहा कि आपदा के समय पीडि़तों की मदद करना हम सबका फर्ज है। इसलिए हमारे साथियों से जितना बन रहा है, सबकी प्रेरणा से भंडारा दल को रवाना किया गया है। आम आदमी पार्टी यूथ विंग के नेता राजवीर माली ने बताया कि हनुमानगढ़ जिला अभी बाढ़ से बचा हुआ है। हमारी टीम घग्घर के तटबंधों को मजबूत करने में लगे लोगों की सेवा में लगी है। मगर पंजाब में मानसा व पटियाला सहित आसपास में बाढ़ आने से लोगों का जीवन संकट में फंस गया है। इस आपदा के समय सभी को इंसान होने का दायित्व निभाना चाहिए। इसी सोच के साथ हमने पानी की बोतलें सहित अन्य राहत सामग्री पंजाब में भिजवाने का निर्णय लिया है। अन्य संगठनों से हमारा आग्रह है कि वह इस तरह के कार्य में हिस्सा लें। आम आदमी पार्टी के अमर सिंह खालसा मक्कासर, सरदार मोहन सिंह, समाजसेवी अनिल पूनियां, एडवोकेट अनिल शर्मा, सावन चौधरी, मित्रेश कुमार, डॉ. परमजीत रमाना, भग्गा सिंह आदि मौजूद रहे।
……………………………..