कृषि मंत्री कमल पटेल ने सड़क किनारे पड़े घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया...
हरदा. मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने रविवार शाम को एक घायल व्यक्ति की मदद करते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया। कृषि मंत्री कमल पटेल अपनी गाड़ी से गुजर रहे थे तभी उनकी नजर सड़क किनारे पड़े घायल व्यक्ति पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और फिर घायल व्यक्ति को अपने साथ अपने ही वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और वहां पर भर्ती कराया। कृषि मंत्री कमल पटेल ने घायल व्यक्ति की मदद करने के साथ ही लोगों से अपील की है कि कहीं पर भी कोई घायल व्यक्ति अगर मिलता है तो उसकी मदद करें क्योंकि आपकी छोटी सी मदद किसी की जान बचा सकती है।
कृषि मंत्री ने दिखाई मानवता
जानकारी के मुताबिक हरदा शहर के जिला पंचायत के पास रविवार रात 8 बजे सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे कृषि मंत्री कमल पटेल ने जैसे ही सड़क किनारे घायल व्यक्ति को देखा तो तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और बिना देर किए अपनी ही गाड़ी में बैठाकर घायल व्यक्ति को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां घायल व्यक्ति को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार घायल व्यक्ति का नाम रुपेश पिता भारत गोंड (45 वर्ष) निवासी गोलापुरा है। वो घायल कैसे हुए फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। वहीं दूसरी तरफ मंत्री कमल पटेल के द्वारा घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद लोग उनकी तारीफ करते दिख रहे हैं।