
Demo pic
हाथरस। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से 8 जनवरी बुधवार को जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर किशोरी दिवस मनाया गया। इस दौरान स्कूल जाने और नहीं जाने वाली किशोरियों के स्वास्थ्य की जांच कर उनके हेल्थ कार्ड बनाए गए। इस अभियान में स्वास्थ्य व समेकित बाल विकास सेवा विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस दौरान किशोरियों के स्वास्थ्य व खून की जांच की गई। हर किशोरी को हेल्थ कार्ड जारी किया गया। साथ ही 11 से 14 वर्ष की सभी किशोरियों की ऊंचाई व वजन की माप की गई। इस कार्यक्रम में आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और एएनएम ने अहम भूमिका निभाई। जांच में जो किशोरियां एनीमिक पायी गईं, उन्हें विशेष निगरानी में रखा जाएगा। किशोरियों को एनीमिया से बचने के लिए आयरन की गोलियों के सेवन और खान-पान संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। स्कूल न जाने वाली किशोरियों की जांच एएनएम द्वारा उप केंद्र पर सुबह के सत्र में की गई।
आयरन की गोलियों का सेवन विटामिन सी के साथ करें
एनीमिया से बचने की हिदायत देते हुए बताया गया कि महिलाएं व लड़कियां आयरन की गोलियों का सेवन दूध व चाय के साथ करती हैं जो कि गलत है। इससे शरीर में आयरन का अवशोषण कम हो जाता है। आयरन फोलिक एसिड की गोलियों का सेवन, विटामिन सी युक्त आहार जैसे नीबू, संतरा, आदि के साथ किया जाना चाहिए। इससे आयरन का अवशोषण सुचारु रूप से हो सके। भोजन में पालक, मेथी, बथुआ, सरसों, मूंगफली चना और गुड़ आदि की मात्रा बढाएं क्योंकि इसमें आयरन की मात्रा अधिक होती है।
इस बीच बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) सासनी, राहुल वर्मा ने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण कर किशोरी दिवस का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि किशोरियों की जांच कर उनके हेल्थ कार्ड बनाए गए हैं। वहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) डी.के. सिंह ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर किशोरी दिवस मनाया गया। इस दौरान किशोरियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। एनीमिया वाली किशोरियों को खान-पान पर ध्यान देने के बारे में जानकारी दी गई।
Published on:
08 Jan 2020 04:17 pm
बड़ी खबरें
View Allहाथरस
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
