29 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी के इस लोकसभा क्षेत्र का ऐसा कस्बा, जिसे हर सांसद ने छला

तम्बाकू, बूरा, घी, नील की खेती, वस्त्र के लिए प्रसिद्ध था कभी, आजादी के बाद उच्च शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं व यातायात सुविधा से वंचित।

4 min read
Google source verification

हाथरस

image

Amit Sharma

Apr 11, 2019

हाथरस। हाथरस लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला कस्बा सहपऊ आजादी से पहले कई मायनों में महत्वपूर्ण था। यहां का तम्बाकू, बूरा, घी, नील की खेती, वस्त्र आदि के लिये काफी प्रसिद्ध था। यहॉ की वस्तुएं दूर-दूर तक जाती थीं। कई मायनों में यहॉ की मण्डी व बाजार हाथरस से अव्वल समझा जाता था। बौद्धिक परम्परा गर्व करने योग्य थी। सहपऊ विकास खण्ड के अन्दर चार दर्जन स्वतंत्रता सेनानी सूचीबद्ध रहे। फिर भी इस इलाके की अनदेखी हुई। अब यहॉ गर्व करने जैसी कोई बात ही नजर नहीं आती है। इसका मुख्य कारण जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा है। लोकसभा चुनाव 2019 के बाद सहपऊ का उद्धार हो पाएगा, इसमें संदेह है।


उच्च शिक्षा व उद्योग धंधे
अब इस गौरवशाली कस्बे तक पहुंचने के लिये कोई सरकारी रेल या बस सेवा नहीं है। मुख्य मथुरा-एटा मार्ग की लम्बाई लगभग 120 किमी है। जिसके मध्य 60 किमी पर कस्बा सहपऊ स्थित है। मुख्य मार्ग से कस्बे के लिये डेढ किमी का रास्ता लोग पैदल चलकर कस्बे में पहुंच पाते हैं। पुराने सभी उघोग धंधे चौपट हो गये। क्षेत्र के लोग बेरोजगारी, तंगहाली से जूझने को विवश हैं। किसी समय में ब्लॉक क्षेत्र के गांव, देहातों का मुख्य बाजार कस्बा सहपऊ होता था। एक जमाने में यहां का एमएल इंटर कॉलेज इतना समृद्ध व ख्याति प्राप्त था कि प्रवेश के लिये मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों के सिफारशी पत्र आया करते थे। इसके बाद भी अयोग्य छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं मिलता था। आज शिक्षा के मामले में भी क्षेत्र बुरी तरह पिछडा हुआ है। पूरी शिक्षा व्यवस्था शिक्षा माफियाओं के चंगुल में है। ठेके पर नकल होती है। योग्य व मेहनतकश छात्र-छात्राएं कस्बे में उच्च शिक्षा व प्रौघोगिक शिक्षा की दुर्दशा के कारण दूसरे शहरों की ओर पलायन करते जा रहे हैं। यहां गाहे-बजाहे शुरू की गईं विकास योजनाएं दम तोड़ती जा रही हैं। उदाहरण के लिये करीब 25 वर्ष पूर्व जब क्षेत्र मथुरा जिले का भाग था, तब 33 लघु उद्योगों की इकाइयों के लिये जिला उद्योग केन्द्र ने जगह आवंटित की थी। बाउन्ड्रीवॉल, विद्युतीकरण, सड़क आदि का निर्माण कराया गया। लेकिन आज यह आवंटित भूमि निष्यप्रयोज्य है। इस भूमि का करीब 15 प्रतिशत भाग किसी को दुग्ध केन्द्र स्थापित करने के लिये प्राप्त है। इसके अलावा बाकी भूमि का कोई उपयोग नहीं हो रहा है।

यातायात की समस्या
यातायात की समस्या को लेकर इस क्षेत्र के लोकप्रिय नेता व पूर्व विधायक, रेलवे सर्विस बोर्ड कमीशन के चेयरमैन स्व. कुंवर अशरफ अली खॉ व उनके पुत्र व पूर्व मंत्री स्व. कुं जावेद अली खॉ के प्रयासों से तत्कालीन रेलमंत्री सीके जाफर अली के कार्यकाल में जलेसर रोड रेलवे स्टेशन से सादाबाद-मथुरा राया सहपऊ रेल मार्ग का प्रस्ताव किया गया था। सरकार ने सर्वे भी कराया था। इसके बाद इस मामले पर न तो किसी सांसद ने संज्ञान लिया और न ही किसी राजनेता का ध्यान इस ओर गया।

एटा के बाद हाथरस में आया सहपऊ
लोकसभा के परिसीमन की स्थिति सन् 1952 से लेकर 2019 तक यह क्षेत्र विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के अधीन रहा। 16 सांसदों को चुनकर इस क्षेत्र की जनता ने प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया। सर्व प्रथम यह क्षेत्र एटा लोकसभा क्षेत्र के अधीन था। चौधरी दिगम्बर सिंह कांग्रेस के सांसद चुने गये। 1957 में यह क्षेत्र एटा-जलेसर लोकसभा क्षेत्र का भाग बना। प्रोफेसर किशनचन्द्र वृन्दावन वाले सांसद हुये। 1962 के बाद परिसीमन में जलेसर लोकसभा क्षेत्र बना। 1967 व 71 के चुनाव में रोहनलाल चतुर्वेदी (एटा) सांसद चुने गये। वे रेल राज्यमंत्री बने तो प्रस्तावित जलेसर रोड-मथुरा रेल मार्ग वाया सहपऊ को निरस्त कर बरहन जंक्शन से एटा के लिये करा दिया। यहॉ की जनता के साथ सौतेला व्यवहार किया गया। इमरजेन्सी के बाद 1977 व 1980 में चौधरी मुल्तान सिंह जनसंघ से सांसद हुये। 1984 में कैलाश यादव कांग्रेस के सांसद बने। 1989 में पुनः चौधरी मुल्तान सि

ंह जनता दल से सांसद बने। 1991 भाजपा लहर के चलते स्वामी सुरेशानन्द्र सांसद बने। 1996 में भाजपा के प्रोफेसर ओमपाल सिंह निडर सांसद बने। 1998, 1999 व 2004 के तीन लोकसभा चुनाव सपा प्रत्याशी के रूप में प्रो0 एस पी सिंह बघेल जीते। फिर एक बार परिसीमन हुआ और यह क्षेत्र हाथरस सुरक्षित लोकसभा के अधीन हुआ। 2009 के लोकसभा चुनाव में रालोद-भाजपा गठबंधन पर सारिका सिंह बघेल सांसद चुनी गयीं। लेकिन क्षेत्र के विकास के नाम पर कोई कार्य नहीं किया। 2014 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में राजेश दिवाकर को टिकट मिला। मोदी लहर में बसपा प्रत्याशी मनोज सोनी को 3 लाख से अधिक मतों से पराजित कर विजयी हुए और सपा प्रत्याशी रामजीलाल सुमन तीसरे स्थान पर रहे। वर्तमान सांसद राजेश दिवाकर के सामने क्षेत्र की 4 प्रमुख समस्याएं उच्च शिक्षा (राजकीय महाविद्यालय व प्रौद्योगिकी शिक्षण संस्थान), बेरोजगारी (औद्योगिक इकाई की स्थापना), स्वास्थ्य (चिकित्सालय के सुधार की मांग) व यातायात (रोडवेज बसों के सचालन व जलेसर रोड रेलवे स्टेशन) की मांग रखी गयीं।

क्या कहते हैं रजत उपाध्याय
कस्बे व क्षेत्र के लोगों के साथ पत्रकार व समाज सेवी रजत उपाध्याय द्वारा पूर्व में (स्व. कुं. अशरफ अली खॉ व स्व. कुं. जावेद अली खॉ द्वारा) उपरोक्त प्रस्ताव के बारे में अवगत कराते हुए जलेसर रोड रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन काउंटर के साथ दो प्रमुख ट्रेन संगम एक्सप्रेस व फरक्का एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रखी गयी। वर्तमान सांसद से उक्त समस्याओं के बारे में कई बार कस्बे व क्षेत्र के लोगों ने मौखिक व लिखित रूप में वार्ता की। उपरोक्त समस्याओं का कोई हल पांच साल के कार्यकाल में नहीं हुआ। सहपऊ क्षेत्र की जनता को यहां के जनप्रतिनिधियों की अनदेखी का शिकार कब तक बना रहना पडेगा। क्या 2019 के चुनाव में चुने गये सांसद यहॉ की प्रमुख समस्याओं पर अपना ध्यान केन्द्रित करेंगे?


UP News से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Uttar Pradesh Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..

UP lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ा तरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download करें patrika Hindi News App.

Story Loader