
हाथरस। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वेलन शाह में एक महिला की हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह को खून से लथपथ उसका शव बेड पर पड़ा मिला। महिला ने कोर्ट मैरिज की थी, लेकिन विवाद होने के बाद पति से अलग होकर किराये के मकान में रहती थी। मकान मालिक ने उसके दो मासूम बच्चों को रोते हुए देखा तो घटना का पता चला। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अपने बच्चों के साथ रहती थी महिला
जानकारी के मुताबिक अंजलि नाम की महिला ने कुछ दिन पहले मकान में किराये पर कमरा लिया था। उसके दो बच्चे हैं। महिला एक फैक्ट्री में काम करती थी। मकान मालिक मुन्नी देवी के मुताबिक महिला के साथ एक युवक आया था। उसने बताया था कि महिला ने कोर्ट मैरिज की है। जिससे घरवाले रखने को तैयार नहीं हैं। कुछ दिन पहले से उसका पति से विवाद हो गया। जिसके बाद से महिला अपने बच्चों के साथ रहती थी। बताया गया है कि आज सुबह महिला का दोस्त आया था।
खून से लथपथ मिला शव
अंजलि का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला। उसके सिर से खून बह रहा था। जिससे ऐसा लग रहा है कि किसी भारी हथियार से उसके सिर पर प्रहार किया गया। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गई। उसने घटनास्थल पर छानबीन कर साक्ष्य जुटाए। जिसके बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला का दोस्त हिरासत में
पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में महिला के एक दोस्त को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों का पता लगाकर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं महिला की हत्या के बाद उसका पति फरार है। उसके दो मासूम बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने महिला के परिजनों को सूचित कर दिया है।
Updated on:
13 Feb 2018 11:57 am
Published on:
13 Feb 2018 11:34 am
बड़ी खबरें
View Allहाथरस
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
