
गणेशी लाल की शपथ ग्रहण के साक्षी बनेंगे हरियाणा के दिग्गज
चंडीगढ़. ओडिशा के राज्यपाल बने प्रो. गणेशी लाल के शपथ ग्रहण समारोह में हरियाणा के मंत्रियों के साथ कई दिग्गज शामिल होंगे। मंगलवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ले रहे प्रो. गणेशी लाल से जुड़े ऐतिहासिक पलों का साक्षी बनने के लिए पारिवारिक सदस्य भी रवाना हो गए हैं।
ओडिशा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश विनीत शरण मंगलवार शाम को जब हरियाणा भाजपा के दिग्गज नेता को नई जिम्मेदारी की शपथ दिलाएंगे तो उस दौरान शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा, कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। राम बिलास शर्मा और धनखड़ का प्रो. गणेशी लाल से पुराना नाता रहा है। वर्ष 1996 में हविपा-भाजपा की सरकार में राम बिलास शर्मा शिक्षा मंत्री थे तो प्रो. गणेशी खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री।
शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा संगठन के कई पदाधिकारी और पारिवारिक सदस्य विशेष तौर पर उपस्थित रहेंगे। दलीय सीमाओं को तोड़ते हुए वैश्य समुदाय के कुछ नेता भी समारोह में नजर आ सकते हैं। सोमवार को कांग्रेस नेता अशोक बुवानीवाला के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में प्रो. गणेशी लाल से मुलाकात कर उन्हें ओडिशा का राज्यपाल बनने की बधाई दी।
अब अफसरशाही करेगी सरकार का प्रचार
चंडीगढ़। अपने कार्यकाल के तीन साल तक अफसरशाही को एक विशेष दायरे तक सीमित रखने वाली हरियाणा की मनोहर सरकार ने अब जिला उपायुक्तों को फ्री हैंड देते हुए मीडिया के माध्यम से सरकार की नीतियां जनता तक पहुंचाने के निर्देश जारी किए हैं। सरकार का यह तजुर्बा अगर सफल रहता है तो आने वाले दिनों में इसे एसडीएम स्तर के अधिकारियों पर भी लागू करके सरकार सभी विधानसभा हलकों में अपने मन की बात जनता तक पहुंचा सकती है।
मनोहर सरकार के कार्यकाल में यह पहला मौका है जब जिला उपायुक्तों को महीने में एक बार पत्रकार वार्ता का आयोजन करके सरकार की नीतियों के बारे में जनता को जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। हरियाणा में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद मुख्यालय चंडीगढ़ तथा जिला स्तर पर अधिकारियों द्वारा मीडिया के साथ एक दूरी बनाई गई थी।
Published on:
28 May 2018 09:02 pm
बड़ी खबरें
View Allहिसार
हरियाणा
ट्रेंडिंग
