19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीएम खट्टर से अमीर हैं विपुल गोयल

आपको यह जानकार हैरानी होगी कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के मुकाबले उनके मंत्रीमंडल में शामिल सभी मंत्री अमीर हैं।

5 min read
Google source verification
vipul goel

चंडीगढ़। आपको यह जानकार हैरानी होगी कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के मुकाबले उनके मंत्रीमंडल में शामिल सभी मंत्री अमीर हैं। प्रदेश के मंत्रियों के पास जहां बेशकीमती गाडिय़ां हैं वहीं मुख्यमंत्री के नाम इस समय एक भी कार नहीं है। यही नहीं प्रदेश में कई मंत्री तो ऐसे जिनकी पत्नियां उनके मुकाबले अधिक धनवान हैं।


मनोहर कैबिनेट शामिल कैप्टन अभिमन्यु, विपुल गोयल तथा राव नरबीर ऐसे हैं मंत्री हैं जिन्हें चल-अचल संपत्ति के मामले में सबसे अमीर माना जा सकता है। हरियाणा विधानसभा में बुधवार को कांग्रेस विधायक करण सिंह दलाल ने प्रश्नकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया। हालांकि विधानसभा सचिवालय द्वारा करण दलाल के इस सवाल को स्वीकार करने के बाद सदन के पटल पर उत्तर भी रख दिया गया लेकिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से महज दो मिनट पहले ही न केवल इस सवाल को कटवा दिया गया बल्कि सदन के पटल पर रखे गए उत्तर को भी हटा लिया गया।


इसी दौरान विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई जिसके चलते स्टाफ सभी बैंचों से इस सवाल के जवाब में पेश किए गए दस्तावेज नहीं उठा सका। कार्यवाही के दौरान स्पीकर ने इस सवाल को दो दिन के लिए स्थगित करते हुए कहा कि सरकार इसका जवाब देगी। विधानसभा में स्पीकर के आश्वासन के बावजूद आज सार्वजनिक हुए दस्तावेजों को अगर आधार माना जाए तो हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर चल संपत्ति की कुल कीमत केवल 12 लाख 75 हजार 349 रुपए है। इसके अलावा खट्टर के नाम रोहतक जिले के गांव बनियानी में महज बीस कनाल जमीन तथा इसी गांव में 150 वर्ग गज जमीन पर बना एक मकान है। इसके अलावा खट्टर के पास कुछ नहीं है।


खट्टर मंत्रीमंडल में प्रोटोकॉल के हिसाब से दूसरे नंबर पर आने वाले मंत्री रामबिलास शर्मा चल संपत्ति की वैल्यू जहां 23 लाख 61 हजार 279 रुपए और अचल संपत्ति की वैल्यू दो करोड़ 92 लाख 7 हजार 300 रुपए है। राज्य के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने 31 मार्च 2016 को अपनी संपत्ति सार्वजनिक की थी। जिसके अनुसार उनके बैंक, वित्ती संस्थानों तथा गैर वित्तीय कंपनियों में 57 लाख 14 हजार 846 रुपए जमा हैं।

जबकि अभिमन्यु ने 19 करोड़ 49 लाख 5 हजार 698 रुपए की पूंजी बांड व शेयर आदि में लगा रखी है। अभिमन्यु करीब एक करोड़ रुपए जहां विभिन्न संस्थाओं को कर्ज के रूप में दे रखा है वहीं उनके नाम एक करोड़ 82 लाख 99 हजार 277 रुपए के मोटर वाहन हैं तथा नौ लाख रुपए से अधिक कीमत के जेवर आदि हैं। इस ब्यौरे के अनुसार मार्च 2016 में अभिमन्यु के नाम कृषि योगय भूमि की कीमत 3 करोड़ 29 लाख 88 हजार, गैर कृषि योगय भूमि की कीमत 9 करोड़ 55 लाख 91 हजार 277 है। इसके अलावा उनके आवासीय भवन की कीमत 11 करोड़ 75 लाख रुपए आंकी गई है।


अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के नाम अंबाला छावनी तथा पंजाब के जीरकपुर में एक घर है। इसके अलावा विज के बैंक खाते में 27 लाख 08 हजार 360 रुपए हैं। विज की तरफ 25 लाख से अधिक का कर्ज भी खड़ा है। राव नरबीर सिंह ने 31 मार्च 2017 को अपनी कुल संपत्ति की कीमत 58 करोड़ 33 लाख 80 हजार 281 रुपए आंकी है। राव नरबीर की कृषि योगय भूमि की सबसे अधिक 34 करोड़ 60 लाख 85 हजार रूपए आंकी गई है। इसके अलावा पांच करोड़ 53 लाख 93 हजार रुपए गृह संपत्ति तथा 21 करोड़ चार लाख एक हजार 862 रुपए लिक्विड प्रापर्टी की कीमत आंकी गई है। परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार की कुल संपत्ति की कीमत एक करोड़ 17 लाख 50 हजार आंकी गई है जबकि उनकी तरफ 66 लाख से अधिक का कर्ज है।


समय-समय पर ट्रैक से हटकर बड़े आयोजन करने वाले हरियाणा के उद्योग मंत्री विपुल गोयल की चल संपत्ति की कुल कीम 36 करोड़ 76 लाख 65 हजार 222 रुपए आंकी गई है। जबकि अचल संपत्ति के नाम पर विपुल गोयल दिल्ली, राजस्थान व हरियाणा में कई कृषि योगय भूमि तथा व्यावसायिक इमारतों के मालिक हैं। जिनकी कीमत करोड़ों में है। विपुल गोयल के पास नगदी तथा बैंक में कुल पांच करोड़ चार लाख पांच हजार 941 रुपए जमा बताए गए हैं। सहकारिता मंत्री मुनीष ग्रोवर के पास रोहिणी दिल्ली में एक फ्लैट है। जिसकी कीमत करीब 38 लाख तथा उनके पास करीब छह लाख रुपए कीमत के जेवर हैं। इसी तरह कृष्ण बेदी के पास केवल शाहबाद में एक मकान है। जिसकी कीमत 62 लाख रुपए बताई गई है। कर्णदेव कंबोज जहां एक पैट्रोल पंप के मालिक हैं वहीं उनके पास कृषि योगय जमीन तथा वाणिज्यिक भवन भी है। जिसकी कीमत एक करोड़ 18 लाख 50 हजार रुपए है।


हरियाणा के जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री बनवारी लाल चल संपत्ति की कीमत 65 लाख 38 हजार 188 रुपए तथा अचल संपत्ति की कुल कीमत एक करोड़ 13 लाख 38 हजार रुपए बताई गई है। मंत्री नायब सैनी के पास नगदी तथा बैंक में जमा कुल राशि जहां 23 लाख 54 हजार रुपए है वहीं उनके पास अंबाला जिला में एक स्टोन क्रशर तथा हिमाचल में एक बंद पड़ा स्टोन क्रशर भी है। इसके अलावा अंबाला जिला के नारायणगढ़ में केबल का कारोबार में भी नायब सैनी की हिस्सेदारी है।

अपनी संपित्त की वार्षिक घोषणा करने से पीछे हटे सभी मंत्री
हरियाणा की भाजपा सरकार ने सत्ता में आने से पहले कहा था कि उनके मंत्री तथा मुख्यमंत्री द्वारा हर साल अपनी तथा अपने परिजनों की संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक किया जाएगा। आज विधानसभा में जिस रिपोर्ट को पटल पर रखने के बाद सरकार ने वापस ले लिया है उसमें यह साफ दर्शाया गया है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर समेत उनकी कैबिनेट के अधिकतर मंत्री अपनी संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक करने को लेकर गंभीर नहीं है। वर्ष 2014 से लेकर अब तक ज्यादातर मंत्रियों ने अपनी संपत्ति का ब्यौरा नहीं दिया है।

लगातार बढ़ रही है नरबीर की संपत्ति
हरियाणा की मनोहर कैबिनेट में राव नरबीर सिंह एक मात्र ऐसे मंत्री हैं। जिन्होंने अपनी तथा अपने परिवार की संपत्ति का ब्यौरा हर साल सार्वजनिक किया है। राव नरबीर की संपत्ति में हर साल वृद्धि हो रही है। 31 मार्च 2015 को राव नरबीर ने अपनी संपत्ति की कुल कीमत 42 करोड़ 46 लाख 22 हजार 144 रुपए आंकी है। जबकि 31 मार्च 2016 को उनकी चल-अचल संपत्ति की कीमत 43 करोड़ 53 लाख 64 हजार 652 तक पहुंच गई। यही नहीं 31 मार्च 2017 को राव नरबीर की संपत्ति की कुल कीमत 58 करोड़ 33 लाख 80 हजार 281 रुपए आंकी गई है।

केवल धनखड़ पालते हैं गाय, मंत्री बनते बंद किया कारोबार
हरियाणा में भाजपा की सरकार लगातार गाय संरक्षण जैसे मुद्दों को बढ़ावा दे रही है। वहीं ओ.पी.धनखड़ को छोडक़र किसी भी मंत्री के पास गाय नहीं है।
कृषि मंत्री ओपी धनखड़ के पास वर्ष 2016-2017 के दौरान एक लाख 98 हजार रुपए की जीवन बीमा पॉलिसी, एक इनोवा कार है। इसके अलावा धनखड़ के पास तीन देसी गाय तथा उनके बछड़े हैं। धनखड़ ने अपना ब्यौरा सार्वजनिक करते हुए कहा है कि उन्होंने करीब 25 लाख रुपए की लागत से एक कारोबार शुरू किया था जिसे मंत्री बनने के बाद बंद कर दिया गया है।

मंत्री बनने के बाद गरीब हुई कविता जैन
हरियाणा में एक तरफ कैबिनेट मंत्री राव नरबीर की संपत्ति में वृद्धि हो रही है वहीं एकमात्र महिला कैबिनेट मंत्री कविता जैन ऐसी मंत्री है जिनकी संपत्ति बढऩे की बजाए कम हो रही है। दिसंबर 2014 में कविता जैन ने अपनी संपत्ति की कीमत जहां दो करोड़ 45 लाख 45 हजार रुपए दर्शाई है वहीं 31 मार्च 2015 को यह कीमत कम होकर दो करोड़ 40 लाख 44 हजार 274 रुपए रह गई। 31 मार्च 2016 को कविता जैन ने अपनी संपत्ति की कुल कीमत दो करोड़ 39 लाख 57 हजार 741 रुपए बताई है।