
Johnny-Depp
जॉनी डेप: जॉनी डेप जैसे विश्व प्रसिद्ध अभिनेता के नाम पर धोखाधड़ी करना कोई नई बात नहीं है। जालसाजों की नजर अक्सर हाई प्रोफाइल सेलेब्स पर होती है। सेलेब्स की लोकप्रियता का लाभ उठाकर जालसाज उनके नाम से फर्जी अकाउंट, सोशल मीडिया प्रोफाइल्स या एआई (AI) ऑडियो, डीपफेक वीडियो के जरिए लोगों को धोखा देने की कोशिश करते हैं।
हॉलीवुड अभिनेता जॉनी डेप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपने प्रशंसकों को चेताया है। उन्होंने बताया कि उनके नाम और फेक सोशल मीडिया और ईमेल अकाउंट के नाम पर जालसाजी की जा रही है।
जॉनी डेप ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, "सभी को नए साल की शुभकामनाएं, दुख की बात है और मुझे पता चला है कि ऑनलाइन जालसाज मेरे प्रशंसकों और फॉलोअर्स को मेरे नाम का इस्तेमाल कर उन्हें निशाना बना रहे हैं। अपनी रणनीति के तहत, वे मेरे और मेरी टीम के सदस्यों के नाम पर कई भ्रामक सोशल मीडिया और ईमेल अकाउंट बना चुके हैं।“
अभिनेता ने अलर्ट करते हुए लिखा, "हम इन अवैध योजनाओं से निपटने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। आज, एआई मेरे चेहरे और आवाज का भ्रम पैदा कर सकता है। जालसाज मेरे असली रूप और आवाज की तरह दिख सकते हैं। लेकिन, न तो मैं और न ही मेरी टीम आपसे पैसे या आपकी व्यक्तिगत जानकारी मांगेगी।“
बता दें फोटो-शेयरिंग ऐप पर अभिनेता के 28 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उन्होंने कहा, "मैं किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, ईमेल के जरिए या चैट-बेस्ड प्लेटफॉर्म के जरिए प्रशंसकों से सीधे बातचीत नहीं करता।"
अभिनेता ने आगे बताया, "मैं एक्स, स्नैपचैट या डिस्कॉर्ड या पर नहीं हूं। मैं पेड मीटिंग, फोन कॉल, क्लब मेंबरशिप या फैन कार्ड ऑफर नहीं करता। अगर आपसे कभी भी इन चीजों के लिए पैसे मांगे जाते हैं, तो यह फ्रॉड है।"
गोल्डन ग्लोब विजेता ने अपने करियर की शुरुआत एक संगीतकार के रूप में की थी। उन्होंने 1984 में हॉरर फिल्म ‘ए नाइटमेयर ऑन एल्म स्ट्रीट’ से फीचर फिल्म के साथ डेब्यू किया था। इसके बाद वह 1986 में आई ‘प्लाटून’ में दिखाई दिए थे। ‘पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन’ फिल्म से अभिनेता को प्रसिद्धि मिली। उनका फिल्म में कैप्टन जैक स्पैरो का किरदार लोगों को खूब पसंद आया।
‘एडवर्ड सिजरहैंड्स’, ‘एड वुड’, ‘स्लीपी हॉलो’, ‘चार्ली एंड द चॉकलेट फैक्ट्री’, ‘स्वीनी टॉड: द डेमन बार्बर ऑफ फ्लीट स्ट्रीट’ और ‘पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन’ फ्रेंचाइजी जैसी सफल फिल्मों में में काम कर चुके हैं।
जालसाज अक्सर सेलेब्स के नाम से नकली अकाउंट बनाकर प्रशंसकों को लुभाने और उनसे धन मांगने का प्रयास करते हैं। इससे बचने के लिए चर्चित लोगों (सेलेब्स) की सोशल मीडिया अकाउंट्स या वेबसाइट की आधिकारिकता की जांच करनी चाहिए। जॉनी डेप जैसे सितारों के अकाउंट्स पर वेरिफाइड बैज (ब्लू टिक) होता है।
किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। यदि आपके साथ धोखा हो भी जाए तो उसे तुरंत संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या स्थानीय साइबर अपराध प्राधिकरण को रिपोर्ट करना चाहिए।
अगर आपको उनके नाम पर किसी धोखाधड़ी का सामना करना पड़े, तो उसे तुरंत संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या स्थानीय साइबर अपराध प्राधिकरण को रिपोर्ट करें। धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहना ही सबसे उत्तम तरीका है।
Updated on:
8 Jan 2025, 2:30 PM IST
Published on:
8 Jan 2025, 2:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.