हरदा। नगर पालिका आम चुनाव का मतदान बुधवार सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम
5 बजे तक किया गया। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के सुरेंद्र जैन और कांग्रेस के हरिमोहन शर्मा के बीच सीधा मुकाबला है। 35 वार्डों में 106 पार्षद प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। चुनाव में पार्षद के लिए 36 निर्दलीय प्रत्याशी भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। 68 केंद्रों पर मतदान किया गया। इसमें कुल मतदान 74.60 प्रतिशत किया गया। 72.57 प्रतिशत महिला और 76.49 प्रतिशत पुरुष ने वोट डाले।
नपा परिषद के 11 वार्डों में पार्षद पद के लिए सीधा मुकाबला है। 12 में त्रिकोणीय व 9 में चतुष्कोणीय टक्कर वहीं वार्ड क्रमांक 2 व 15 में पांच-पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वार्ड क्रमांक 4 में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन फॉर्म निरस्त होने से यहां केवल अध्यक्ष पद के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इधर, मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है। पुलिस मोबाइल टीम को 15 बॉडी वार्न कैमरे दिए गए हैं। मतदान के दौरान सुरक्षा में लगे पुलिस अधिकारी इसकी सहायता से निगरानी रखेंगे।
किसी एक दल की जागीर नहीं रहा हरदा
नगरपालिका हरदा कभी किसी दल की जागीर नहीं बना। वर्ष 1996 से दर्ज रिकार्ड के मुताबिक नपा अध्यक्ष की कुर्सी पर दो बार कांग्रेस और तीन बार भाजपा के अध्यक्ष की ताजपोशी हुई है। खास बात यह भी है कि राजनैतिक दलों ने भी हर बार नए चेहरों पर दांव लगाया है। नपा अध्यक्ष से भाजपा ने इस बार सुरेंद्र जैन को मैदान में उतारा है। सुरेंद्र जैन पहले नपा अध्यक्ष रह चुके हैं। जबकि कांग्रेस से हरिमोहन शर्मा भाग्य आजमा रहे हैं। हरिमोहन पहली बार नपा अध्यक्ष का चुनाव लड़ रहे हैं।