
घर से बिस्किट लेने निकला था 5 साल का बच्चा, आवारा कुत्तों के झुंड ने ऐसे ले ली जान
नई दिल्ली। आवारा कुत्तों ( stray dogs ) का आतंक हर जगह लगातार तेज़ी से बढ़ रहा है। रास्ते में जाते हुए लोगों को आवारा कुत्ते काट लेते हैं। आवारा कुत्तों के काटने से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला कर्नाटक ( Karnataka ) के बेंगलुरु से सामने आया है। बेंगलुरु में आवारा कुत्तों का आंतक इस हद तक बढ़ गया है कि कुत्तों के एक झुंड ने 5 साल के बच्चे को अपना शिकार बनाया है। घटना बेंगलुरु के बाहरी इलाके सोलादेवनाहल्ली की है जहां दर्जनों आवारा कुत्तों ने एक 5 साल के मासूम बच्चे पर हमला करके उसकी जान ले ली।
घटना के बाद बच्चे को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। कहा जा रहा है कि दुर्गेश नाम का यह 5 साल का बच्चा दुकान से बिस्किट का पैकेट खरीदने गया था। उस दिन बच्चा बीमार था और इस वजह से स्कूल भी नहीं गया था। बिस्किट खरीदकर घर लौटते वक्त उसपर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना की जगह मौजूद लोगों ने कुत्तों को भगाने की कोशिश भी की लेकिन फिर भी उस मासूम बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी।
जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसके विरोध में जमकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से कुत्तों को हैंडल करने के लिए दबाव बनाया। मामले पर पुलिस का कहना था कि जिस जगह ये घटना हुई है वहां कई रेस्टोरेंट हैं और इन रेस्टोरेंट का बचा हुआ खाना सड़क पर फेंक दिया जाता है जिसे खाने के लिए वहां आवारा कुत्तों का झुंड लग जाता है। कुत्ते यहां से आने-जाने वाले लोगों को भी अपना निशाना बनाते हैं। पुलिस का मानना है इस इलाके में रेस्टोरेंट के लोगों द्वारा सड़क पर फेंके गए खाने की वजह से ही यहां आवारा कुत्तों की संख्या में लगातार इज़ाफा हो रहा है।
Published on:
26 Jun 2019 01:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
