
सजा चंग का बाजार, अब फाइबर-प्लास्टिक में भी आने लगी मांग
रंग पंचमी की उलटी गिनती शुरू
होली महोत्सव, साई बाबा मंदिर, दुर्गद बयलू, जनता बाजार समेत कई जगहों पर चंग की बिक्री बढी
हुब्बल्ली. व्यापारिक नगरी हुब्बल्ली होली के त्योहार के लिए हर तरह से तैयार हो रही है। शहर की गलियों में हर जगह चंग का शोर सुनाई दे रहा है। शहर में होली का रंग बढ़ रहा है। हुब्बल्ली में चंग का बाजार सज गया है।
होली का त्योहार बागलकोट, बेलगावी, विजयपुर के अलावा हुब्बल्ली में ही देखने को मिलता है। इस रंगीन त्योहार का मुख्य आकर्षण ही चंग है। होली का त्योहार बस कुछ ही दिन बाकी है और उत्साह चरम पर है। पहले से ही चमड़े के चंग की मांग ज्यादा रही है परन्तु अब फाइबर और प्लास्टिक चंग की भी मांग है। 7 मार्च को होली है और इसके पांचवें दिन हुब्बल्ली में रंग पंचमी होती है। शहर के साईबाबा मंदिर, दुर्गद बयलू, जनता बाजार समेत कई जगहों पर पहले से ही विभिन्न प्रकार के चंग की बिक्री बढ़ गई है। लोग पहले से ही चंग खरीदकर ले जा रहे हैं। त्योहार को दुगना करने वाले चंग की बिक्री भी जोरों से चल रही है।
वाणिज्यिक शहर हुब्बल्ली में रंगों के त्योहार रंगपचमी की उलटी गिनती शुरू हो गई है। 7 मार्च से शुरू होने वाला होली का त्योहार पांच दिनों तक मनाया जाता है। अंतिम दिन आयोजित होने वाली रंगपचमी का अपना ही महत्व है। हुब्बल्ली में परंपरा के साथ-साथ धूमधाम से त्योहार मनाया जाता है। जनता पहले से ही रंग और चंग खरीदने में लगी हुई है। इसी बीच पुलिस विभाग ने शांतिपूर्ण तरीके से जश्न मनाने के निर्देश दिए हैं।
विशाल कामण्णा स्थापित
हुब्बल्ली के मेदार ओनी में मेदार समुदाय की ओर से विशाल कामण्णा का निर्माण कर प्रतिष्ठापना की जा रही है। करीब एक माह से होली कामण्णा स्थापना की तैयारी की जा रही है। बांस की डंडियों से एक विशाल कामण्णा का निर्माण किया जाता है और होली की पूर्णिमा पर स्थापित कर पूजा की जाती है। पूर्णिमा के पांच दिन बाद पंचमी को कामण्णा का दहन करने के जरिए रंगपचमी मनाने के लिए हुब्बल्ली शहर तैयार हो रहा है।
Published on:
06 Mar 2023 11:48 am
बड़ी खबरें
View Allहुबली
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
