उत्तर-पश्चिम कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम
हुब्बल्ली. महिलाओं को 11 जून से मुफ्त यात्रा की अनुमति देने के चलते शहर के उत्तर-पश्चिम कर्नाटक राज्य सडक़ परिवहन निगम की बसों को विशेष रूप से सजाया गया था। गुब्बारों और फूलों से सजी बसें सिटी बस स्टैण्ड (सीबीटी) पर लाई गईं। स्थानीय विधायक प्रसाद अब्बय्या, निगम के अधिकारियों ने महिलाओं का स्वागत कर नि:शुल्क यात्रा योजना का लाभ लेने का अनुरोध किया।
सीबीटी समेत सभी बस स्टैंड और बस स्टॉपों में बड़ी संख्या में महिलाएं आधार कार्ड के साथ सफर करती नजर आईं। महिलाओं के चेहरे पर उत्साह व खुशी दिखाई दे रही थी। विधायक प्रसाद अब्बय्या परिचालक (कंडक्टर) बने हुए थे। अधिकतर बसें महिला यात्रियों से भरी रहीं।
……………………….
पहले दिन 1.22 लाख महिला यात्रियों ने किया सफर
-परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक भरत एस. ने दी जानकारी
हुब्बल्ली
सरकारी बसों में महिलाओं की मुफ्त यात्रा के लिए शक्ति योजना के पहले दिन (रविवार) को उत्तर-पश्चिम कर्नाटक राज्य सडक़ परिवहन निगम की बसों में 1.22 लाख महिलाओं ने सफर किया है।
इस बारे में जानकारी देते हुए उत्तर-पश्चिम कर्नाटक राज्य सडक़ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक भरत एस. ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए रविवार से शुरू की गई सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की शक्ति योजना को अच्छा प्रतिसाद मिला है। उत्तर-पश्चिम कर्नाटक राज्य सडक़ परिवहन निगम के तहत धारवाड़, बेलगावी, बागलकोट, गदग, हावेरी और उत्तर कन्नड़ जिलों में 1.22 लाख महिलाओं ने दोपहर 1 से रात्रि 12 बजे तक यात्रा की और बस टिकट की कीमत 36 लाख 17 हजार 096 रुपए थी।
जिलेवार जानकारी
उन्होंने कहा कि धारवाड़ सिटी परिवहन 12,354, धारवाड़ ग्रामीण 11,780, बेलगावी 34,797, बागलकोट 11,687, गदग 13,630, हावेरी 16,656, उत्तर कन्नड़ 8,497 महिलाओं ने यात्रा की है। सोमवार से महिला यात्रियों की संख्या में और इजाफा हुआ है। बसों के सुचारू संचालन की निगरानी के लिए महत्वपूर्ण बस स्टैंडों पर अधिकारियों को तैनात किया गया है।
टिकट लेना अनिवार्य
भरत एस. ने कहा कि महिलाओं को राज्य में पते वाले फोटो के साथ आधिकारिक दस्तावेजों की मूल कॉपी, फोटोकॉपी, डिजिलॉकर (हार्ड और सॉफ्ट कॉपी) तर्ज के महचान दस्तावेजों मान्यता दी जाएगी। महिलाओं के लिए यात्रा मुफ्त होने पर भी टिकट लेना अनिवार्य है।