जगतियाल के कोरुटला में सोमवार रात अपने घर पर संदिग्ध हालात में मृत मिली युवती की लापता बहन ने अपना ऑडियो संदेश सोशल मीडिया पर जारी करके खुद को बेकसूर बताया। इसके बाद से युवती की मौत रहस्य गहरा गया है
जगतियाल के कोरुटला में सोमवार रात अपने घर पर संदिग्ध हालात में मृत मिली युवती की लापता बहन ने अपना ऑडियो संदेश सोशल मीडिया पर जारी करके खुद को बेकसूर बताया। इसके बाद से युवती की मौत रहस्य गहरा गया है। गौरतलब है कि दीप्ति (22) भीमुनिडुब्बा स्थित अपने आवास में संदिग्ध परिस्थिति में मृत मिली थी। जबकि उसकी बहन चंदना लापता थी। पुलिस ने मृतका के घर से शराब की बोतलें बरामद कीं।
कहा-उसने नहीं की हत्या
कथित तौर पर चंदना की ओर से जारी किया गया ऑडियो संदेश बुधवार को वायरल हो गया जिसमें वह अपने भाई साई और उनके पिता से कहती है कि उसने दीप्ति की हत्या नहीं की है। वह पूछती है कि उसे दीप्ति को मारने की जरूरत कहां थी। उसका कहना है कि सोमवार रात उसने और दीप्ति ने शराब पी थी। उसने अपने एक दोस्त की मदद से शराब खरीदी थी। वह कहती है कि दीप्ति ने अपने प्रेमी को बुलाना चाहती थी लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया। बाद में दीप्ति के बार-बार अनुरोध करने पर वह मान गई।
वह कहती है कि दीप्ति फोन पर बात करने के बाद सोफे पर सो गई थी और उसे नींद में देखकर वह घर से बाहर चली गई है। हालांकि पुलिस और परिवार के सदस्यों ने ऑडियो की पुष्टि नहीं की है।
हैदराबाद गए थे माता—पिता
दीप्ति और उसकी छोटी बहन चंदना घर पर ही रुकी थीं जब उनके माता-पिता श्रीनिवास रेड्डी और माधवी सोमवार को एक गृहप्रवेश समारोह में शामिल होने के लिए हैदराबाद गए थे। मंगलवार सुबह जब श्रीनिवास रेड्डी ने दीप्ति को फोन किया तो उसने कॉल अटेंड नहीं किया। इस बीच चंदना का मोबाइल फोन बंद हो गया। दोपहर में श्रीनिवास रेड्डी ने अपने दोस्त से अपने घर चलने को कहा। जब वे घर पहुंचे तो दीप्ति सोफे पर मृत पाई गई और चंदना गायब थी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।