16 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Indore के पास पिगडंबर में छोटी सी बात पर भाजपा नेता के बेटे की हत्या, आगजनी

03 घंटे का तांडव : ग्राम पिगडंबर में बोरिंग करवाने से उड़ रही धूल पर भिड़े दो पक्ष, 30 से अधिक बदमाशों ने तीन घंटे तक मचाया उपद्रव, जो मिला उसे पीटते रहे, बाइक जलाई, मोबाइल छीने, पिगडंबर से राऊ सर्कल तक फोरलेन पर लगा जाम, दहशत ऐसी थी कि वाहन छोड़कर भाग गए वाहन चालक
4 min read
Google source verification
इंदौर इंदौर के पास पिगडंबर में छोटी सी बात पर बड़ा विवाद, भाजपा नेता के बेटे की हत्या,  आगजनी

इंदौर इंदौर के पास पिगडंबर में छोटी सी बात पर बड़ा विवाद, भाजपा नेता के बेटे की हत्या, आगजनी

इंदौर/डॉ. आंबेडकर नगर (महू). महू तहसील के ग्राम पिगडंबर में बुधवार शाम मामूली सी बात पर शुरू हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान भाजपा नेता के बेटे की हत्या कर दी गई। इसके बाद 30 से अधिक बदमाशों ने खुलेआम अराजकता मचाई। जो मिला, उसे पीटा। वाहनों में आग लगाई। जिसने भी वीडियो बनाना चाहा, उसका मोबाइल छीनकर आग के हवाले कर दिया। इस दौरान एनएच-3 फोरलेन पर कई किमी लंबा जाम लग गया। दो से तीन घंटे तक बदमाशों के आंतक से जाम में फंसे लोग दहशत में रहे। तीन थानों का पुलिस बल पहुंचा और आंसू गैस के गोले छोड़कर स्थिति पर काबू पाया। रात 11.15 बजे जाम खुला। हालांकि देर रात तक छिटपुट वारदात जारी रही।
बुधवार शाम करीब 7 बजे ग्राम पिगडंबर में एक परिवार द्वारा अपने प्लाॅट पर बोरिंग करवाया जा रहा था। बोरिंग की धूल आसपास के घरों तक जा रही थी। इसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। वाद-विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने दूसरे पर हमला कर दिया। मारपीट में भाजपा नेता उदल सिंह चौहान के बेटे की मौत हो गई व दो अन्य घायल हुए। इसके बाद मतृक पक्ष की ओर से 30 से अधिक लोगों ने पिगडंबर चौराहे स्थित एनएच-3 फोरलेन पर हुड़दंड शुरू कर दिया। जो मिला, उसे पीटने लगे। पेट्रोल पंप के पास टायर जलाकर जाम लगा दिया। थोड़ी ही देर में राऊ सर्कल से पीथमपुर की ओर लंबा जाम लग गया।
जाम में फंसी बस-कार के लोगों से छीने मोबाइल
उपद्रवियों ने जाम में फंसी बस और कार सवारों को भी नहीं बख्शा। जिनके हाथ में भी मोबाइल दिखा, बदमाशों ने उनसे मोबाइल छीने और जलते टायरों में डाल दिए। यहां से गुजर रहे एक बाइक सवार से मारपीट कर उसकी बाइक को भी आग लगा दी।
पुलिस पर किया पथराव
घटनास्थल पर पहुंचने में ही पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि पुलिस को पास आता देख पथराव शुरू कर दिया। इससे कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। इसके बाद किशनगंज, महू और राऊ थाने के पुलिस बल ने उपद्रवियों को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। हालांकि इसके बाद भी पथराव जारी रहा। वाहन छोड़कर जान बचाने के लिए भागते फिरे लोगसड़क पर अराजकता का हाल ऐसा था कि दो और चार पहिया वाहन सवार जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते रहे। जाम के कारण वाहन फंसे हुए थे और उपद्रवी हर किसी को निशाना बना रहे थे। ऐसे में लोग वाहन छोड़कर जिधर से जगह मिली भागे और जान बचाई।

भाजपा नेता के बेटे का विवाद से लेना देना नहीं
लोगों का कहना है कि भाजपा नेता के बेटे सुजीत का इस विवाद से लेना-देना नहीं है। वह बाइक से जा रहा था, इसी दौरान उसे घेरकर मार दिया गया। आइजी राकेश गुप्ता का कहना है कि बोरिंग की धूल उड़ने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। संदिग्धों को हिरासत में लिया है। हालात नियंत्रण में है।
बाइक से जा रहा था सुजीत, उपद्रवियों ने घेरकर किया हमला
बोरिंग की धूल उड़ने को लेकर हुए विवाद में देर रात तक तनाव बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भाजपा नेता के बेटे सुजीत का विवाद से नहीं है। वह बाइक से जा रहा था, इसी दौरान उसे घेरकर उपद्रवियों ने मार दिया। उधर, कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा हालात काबू करने के बाद कई किमी लंबे हिस्से में वाहनों के टूटे कांच बिखरे पड़े थे। कुछ वाहनों में भी तोड़फोड़ भी की गई।
टोल के सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध
विवाद के दौरान टोल के सीसीटीवी फुटेज में कुछ उपद्रवी भागते नजर आ रहे हैं। कुछ वाहन पर तो कुछ पैदल जाते दिख रहे हैं। एडीएम पवन जैन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से बात की। जैन का कहना है कि मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। अभी पुलिस-प्रशासन का पूरा ध्यान जाम खुलवाने और उपद्रवियों को काबू करने पर था। उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के परिजन को भी विश्वास दिलाया जा रहा है कि आरोपियों को छोड़ा नहीं जाएगा। ग्रामीण एसपी भगवत सिंह बिरदे ने बताया कि मामले में एक युवक की मौत हुई है। धारा 302 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। हालात नियंत्रण में हैं। उधर, बोरिंग संचालक अभय पाल ने बताया कि बोरिंग की परमिशन ली गई थी। मशीन पर भी पथराव किया गया था। किसी राजा नामक युवक के कहने पर बोरिंग किया जा रहा था। विवाद की जानकारी मिलते ही हमने काम बंद कर दिया था।
कुछ बदमाशों को किया गिरफ्तार
तीन घंटे तक चले हुड़दंग के बाद पुलिस ने रात करीब 11.15 बजे एक लेन का जाम खुलवाया। रात 12 बजे जाम पूरी तरह खुल सका। पुलिस हुड़दंगियों की तलाश कर रही है। सूत्रों के अनुसार, कुछ बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।