
MP Civil Aviation Policy- इंदौर से अबू धाबी तक की डायरेक्ट फ्लाइट सेवा की शुरुआत (फोटो सोर्स- Chatgpt)
CM Mohan Yadav- मध्य प्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सीएम डॉ.मोहन यादव ने बीते दिन इंदौर में प्रदेश की पहली अंतर्राष्ट्रीय डायरेक्ट हवाई सेवा इंदौर-आबूधाबी (Indore to Abu Dhabi Direct Flight) का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने देवी अहिल्याबाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट इंदौर से मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 (MP Civil Aviation Policy 2025) से वित्त पोषित इस नियमित उड़ान का शुभारंभ किया। अभी यह सेवा सप्ताह में 4 दिन (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार) उपलब्ध रहेगी। सीएम ने आबूधाबी जाने वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास भी दिए। पहले दिन 80 यात्रियों ने यात्रा की। इस रूट का संचालन एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा किया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि आबू धाबी की यह सीधी उड़ान दो शहरों को ही नहीं बल्कि दो मित्र देशों, दो समृद्ध संस्कृतियों और अनंत संभावनाओं को जोड़ने वाला एक मजबूत सेतु है। यह हवाई सेवा मध्यप्रदेश के विकास, व्यापार, पर्यटन और वैश्विक निवेश को नई गति प्रदान करेगी। पहले इंदौर से आबूधाबी जाने में करीब 8 घंटे लगते थे। अब सवा तीन घंटे में ये दूरी पूरी हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मध्यप्रदेश सरकार ने विमानन नीति-2025 लागू की है। मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों के बीच हवाई सेवा और पीएमश्री हेली सर्विस की शुरुआत भी की है। भविष्य में जबलपुर से कोलकाता, भोपाल से रीवा, भोपाल से पटना, रीवा से कोलकाता की उड़ानें शुरू करेंगे। प्रदेश का अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क स्थापित हो, इसके लिए राज्य सरकार इंदौर से इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू कर रही है।
इस अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा के लिए विमानन नीति-2025 के तहत राज्य सरकार प्रति फ्लाइट लगभग 15 लाख रुपए वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) वहन करेगी। इससे इस रूट के यात्रियों पर हवाई किराये का भार घटकर आधा रह जाएगा। प्रदेश में दो नए एयरपोर्ट उज्जैन और शिवपुरी में निर्माणाधीन हैं। सीएम ने कहा कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इंदौर एयरपोर्ट पर एक नया टर्मिनल और रनवे की लंबाई बढ़ाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में मंत्री तुलसी सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार, रामस्वरूप यादव समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, एयरपोर्ट और एयरलाइंस के अधिकारी मौजूद रहे।
Updated on:
16 Jul 2026 10:01 am
Published on:
16 Jul 2026 10:01 am
