
property broker hotel death case, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर
Indore Property Broker Hotel Death Case: मध्यप्रदेश के इंदौर में रविवार की सुबह होटल की दूसरी मंजिल से गिरने से हुई प्रॉपर्टी ब्रोकर की मौत की गुत्थी उलझती नजर आ रही है। होटल के दूसरे कमरे में प्रॉपर्टी ब्रोकर की महिला मित्र की मौजूदगी और घटना से आधे घंटे पहले ही प्रॉपर्टी ब्रोकर के तीन दोस्तों का उससे मिलकर जाना कई सवाल खड़े कर रहा है जिनके जवाब पुलिस तलाश कर रही है। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें प्रॉपर्टी ब्रोकर होटल से जमीन पर गिरते हुए दिखाई दे रहा है।
रविवार की अलसुबह शहर के अरबिंदो अस्पताल के पास स्थित श्याम पैलेस होटल की दूसरी मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई थी। युवक की पहचान जीतू साहू के तौर पर हुई थी जो कि अभिनंदन नगर के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी, होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में प्रॉपटी ब्रोकर जीतू साहू सुबह 4 बजे गिरते हुए दिखाई दे रहा था। पुलिस की पड़ताल में पता चला कि जीतू बीते करीब 22 दिनों से होटल में ठहरा हुआ था।
पुलिस की जांच में पता चला है कि जीतू साहू की जिस वक्त गिरने से मौत हुई उस समय उसकी एक महिला मित्र भी होटल के एक दूसरे कमरे में थी। घटना से आधे घंटे पहले ही जीतू के तीन दोस्त उससे मिलकर निकले थे। जीतू ने उनके लिए खाना भी मंगवाया था और तीनों दोस्त रात करीब साढ़े तीन बजे होटल से चले गए थे। जबकि महिला मित्र होटल के दूसरे कमरे में ठहरी हुई थी।
मंगलवार को पुलिस ने मृतक जीतू साहू के परिजनों को बयान देने केलिए थाने बुलाया था। इस दौरान परिजनों ने होटल में महिला मित्र की मौजूदगी और मिलने आए तीनों दोस्तों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। जीतू साहू की मौत हादसा है या हत्या इसका पता लगाने की पुलिस कोशिश कर रही है। पुलिस को आशंका है कि मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा हो सकता है। शादीशुदा होने के बावजूद जीतू साहू के 22 दिन से होटल में ठहरने के पीछे क्या वजह थी इसके बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
Updated on:
14 Jul 2026 08:47 pm
Published on:
14 Jul 2026 07:55 pm
