18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

bjp news : चुनावी साल में ठंडा भाजपा का समर्पण

आजीवन सहयोग निधि का अब तक शुरू नहीं हुआ अभियान, दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर मनाया जाता है समर्पण दिवस

2 min read
Google source verification
bjp news : चुनावी साल में ठंडा भाजपा का समर्पण

bjp news : चुनावी साल में ठंडा भाजपा का समर्पण

इंदौर। संगठन चलाने के लिए भाजपा आजीवन सहयोग निधि इकट्ठा करती है। दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि से इसकी शुरुआत होती है, लेकिन चुनावी साल का असर अभियान पर नजर आ रहा है। अब तक न तो रसीद कट्टे आए हैं और न ही कार्यकर्ताओं पर कोई दबाव बनाया गया। जो दे उसका भी भला, जो ना दे उसका भी भला की तर्ज पर काम होगा।
भाजपा में सालभर संगठनात्मक गतिविधियां संचालित होती हैं। संगठन मंत्री एक बड़ी व्यवस्था है तो प्रभारी भी प्रदेशों का दौरा करके पार्टी को मजबूत करने का प्रयास करते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय नेताओं के नियमित दौरे रहते हैं, जिसमें लगने वाले खर्च के लिए भाजपा ने एक बड़ी व्यवस्था बना रखी है, जिसे आजीवन सहयोग निधि का नाम दिया गया। संगठन को चलाने के लिए उसे इकट्ठा किया जाता है। जमा होने वाले पैसे को राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला और मंडल में बांटा जाता है ताकि गतिविधियों को चलाने में दिक्कत न हो।

पार्टी ने अभियान चलाए जाने को लेकर फरवरी माह चुना है। 11 फरवरी को दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि होती है, जिसे समर्पण दिवस के रूप में मनाकर नेता व कार्यकर्ता पैसा जमा कराते हैं। पिछले साल इंदौर भाजपा ने पहले ही दिन एक करोड़ रुपए जमा कर सबको चौंका दिया था। इस बार समर्पण दिवस निकल गया, लेकिन अब तक अभियान के अते-पते नहीं हैं।

नगर भाजपा अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने जवाहर मंगवानी को अभियान का प्रभारी बनाया तो सह प्रभारी की भूमिका में वरिष्ठ नेता रामदास गर्ग हैं। संगठन की तरफ से पैसे जमा कराने और हिसाब रखने के लिए कोषाध्यक्ष गुलाब ठाकुर व नगर उपाध्यक्ष मुकेश मंगल को जिम्मेदारी सौंपी गई। जवाबदारी तो दे दी गई, लेकिन अब तक अभियान ठंडा पड़ा हुआ है। पर्दे के पीछे की कहानी ये भी सामने आई है कि साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होना हैं, जिसके चलते पार्टी ने अभियान को आराम से चलाने का इशारा कर रखा है। चुनाव के दौरान भी सहयोग करने वालों से मदद ली जाती है। वर्तमान में जो मदद कर देंगे, वे चुनाव में गायब हो जाएंगे।

चार नंबर ने दिए 11 लाख
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दो दिन पहले फूटी कोठी चौराहा पर बनने वाले ओवर ब्रिज का लोकार्पण करने पहुंचे थे। उससे पहले विधायक मालिनी गौड़ ने सभी पार्षदों से एक एक लाख रुपए आजीवन सहयोग निधि लेकर इकट्ठा कर दिए। आयोजन के दौरान सबसे पहले 11 लाख रुपए इकट्ठा करने की मंच से घोषणा की गई। हालांकि दीनदयाल भवन में अभी तक चेक जमा नहीं हुुए हैं। इधर, गौड़ की पहल को देखते हुए नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने सभी विधानसभाओं पर तकादा कर दिया है।