19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

घर बैठे भाजपा के पदाधिकारी होंगे रवाना… अब पराक्रमी को मिलेगा पद

भाजपा अजा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने दिए सख्त निर्देश, एक दर्जन से अधिक पदाधिकारियों व मंडल अध्यक्षों पर गिरेगी गाज

2 min read
Google source verification
घर बैठे भाजपा के पदाधिकारी होंगे रवाना... अब पराक्रमी को मिलेगा पद

घर बैठे भाजपा के पदाधिकारी होंगे रवाना... अब पराक्रमी को मिलेगा पद

इंदौर। चुनावी मोड में आई भाजपा के मोर्चा प्रकोष्ठ भी अब पूरी ताकत से काम पर जुट गए हैं। ऐसे में पद लेकर घर बैठने वालों की अब खैर नहीं। ऐसे जवाबदारों को अब रवाना किया जाएगा। उनके बजाए पराक्रम करने वालों को पद देकर मौका देने की तैयारी है। इंदौर में करीब एक दर्जन ऐसे पदाधिकारी व मंडल अध्यक्ष हैं जिनकी रवानगी होने जा रही है।

भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश जाटव कल इंदौर दौरे पर थे जिसके चलते नगर मोर्चा के पदाधिकारी व मंडल के जवाबदारों की एक अहम बैठक रखी गई थी। उसको लेकर नगर मोर्चा अध्यक्ष दिनेश वर्मा की मेहनत अलग ही नजर आ रही थी, क्योंकि दीनदयाल भवन का कुशाभाऊ ठाकरे हॉल पूरी तरह से खचाखच भरा हुआ था। बैठने की जगह नहीं होने की वजह से पीछे बने पदाधिकारी व मीडिया के कक्ष में कार्यकर्ता बैठे। चर्चा के दौरान जाटव ने विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से काम पर जुटने का आव्हान किया।

चुनाव में उसकी भूमिका को अहम भी बताया क्योंकि कांग्रेस दलित वोटों को अपने पॉकेट का माल समझती है, जबकि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार ने अजा वर्ग के लिए कई योजना लागू कर रखी है तो समाज उत्थान का काम चल रहा है। इसके चलते बस्ती-बस्ती, मोहल्ले-मोहल्ले पूरी ताकत लगाने की बात कही।

इसके साथ उन्होंने नगर अध्यक्ष वर्मा को फ्री हैंड देते हुए कहा कि मोर्चे की टीम पर एक बार मंथन कर लिया जाए। ऐसे पदाधिकारियों को हटाया जाए जो पद लेकर घर बैठे हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाए जो कड़ी मेहनत करते हैं। अपने पद से ज्यादा काम करते हैं। उन्हें उपकृत करने की जिम्मेदारी भी हमारी है। उनके ये बोलते ही मोर्चा में हलचल भी तेज हो गई है।

एक दर्जन का कटेगा पत्ता
गौरतलब है कि पद लेकर काम नहीं करने वालों में नगर के पदाधिकारी और मंडल अध्यक्षों के नाम भी शामिल हैं। ऐसे करीब एक दर्जन नाम हैं जिनकी अब छुट्टी की जा सकती है। नगर अध्यक्ष वर्मा के पास सूची पहले से तैयार थी। वे अब नगर भाजपा अध्यक्ष गौरव रणदिवे के साथ बैठकर नए नाम पर मंथन करेंगे और नई नियुक्तियां की जाएंगी। बताते हैं कि घर बैठने वाले अधिकांश पदाधिकारी विधायकों के समर्थक हैं जो काम करने के बजाए उनकी परिक्रमा लगाते हैं।

एक जाजम पर पुराने नेता
भाजपा संगठन ने पिछले दिनों निर्देश जारी किए थे कि वरिष्ठों को मंच पर स्थान दिया जाना चाहिए। उस पर अमल करते हुए नगर अजा मोर्चा ने नवाचार किया। नगर के पूर्व अध्यक्ष रहे या मोर्चा से नगर भाजपा में जवाबदार पद पर रहे महेश तोमर, बाबूलाल सिरसिया, परसराम वर्मा, घनश्याम शेर और राजेश शिरोडकर को मंच पर स्थान दिया गया। नगर अध्यक्ष वर्मा ने प्रदेश के पदाधिकारी राजेंद्र सोलंकी, राजेश वर्मा और प्रदेश कार्यालय मंत्री गोकुल खंडाल के सम्मान में भी कोई कसर नहीं छोड़ी।सभी वरिष्ठों को विधानसभाओं की जिम्मेदारी भी दी जा रही है।