
जंजीरवाला चौराहा टू अटल द्वार बनेगी १०० फीट सड़क
इंदौर। रोज-रोज के ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम अब जंजीरवाला टू अटल द्वार के बीच १०० फीट चौड़ी सड़क बनाने जा रहा है। इसको लेकर विधायक महेंद्र हार्डिया ने सहमति दे दी है। नेहरू नगर में मकानों में १०-१० फीट तोडफ़ोड़ होगी तो चार मकान पूरी तरह जा रहे हैं जिन्हें मुआवजा दिया जाएगा। निगम जल्द ही सड़क के लिए टेंडर जारी करेगा।
शहर के मध्य क्षेत्र से विजय नगर की ओर जाने वाले के लिए बीआरटीएस और मालवा मिल टू पाटनीपुरा मार्ग है। दोनों ही मार्ग पर सुबह और शाम को भारी जाम की स्थिति रहती है। कई बार तो वाहन चालकों को कड़ी मशक्कत करना पड़ती है। रोज-रोज लगने वाले जाम की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम विकल्पों की तलाश कर रही है।
इसके चलते अब जंजीरवाला चौराहे से अटल द्वार के मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। वर्तमान में यह सड़क ७० से ८० फीट चौड़ी है। अब उसे १०० फीट चौड़ा कर दिया जाएगा। इसको लेकर विधायक महेंद्र हार्डिया ने पिछले दिनों नगर निगम महापौर मालिनी गौड़ और आयुक्त आशीष सिंह से चर्चा की थी। कहना था कि इसे बनाने से क्षेत्र तो ठीक शहर को बड़ी समस्या से निजात मिल जाएगी।
इसको लेकर कल हार्डिया व सिंह ने मार्ग का दौरा किया। चर्चा के दौरान निगम के अधिकारियों ने बताया कि नेहरू नगर के मकान १०-१० फीट तोड़े जाएंगे। इस पर हार्डिया का कहना था कि लोग स्वैच्छा से हटा लेंगे। कनाडिय़ा रोड पर पूरा मार्केट तैयार हो गया है, जबकि पहले लोग विरोध कर रहे थे। आज कोई मकान बिकाऊ नहीं है। यहां के लोग भी सब साथ देंगे।
हालांकि नेहरू नगर से लक्ष्मी मेमोरियल अस्पताल की ओर जाने पर चार पांच मकानों की बड़ी बाधा है जिन्हें पूरी तरह से हटाना पड़ेगा। इस पर हार्डिया ने साफ कर दिया कि उन्हें मुआवजा दिया जाना चाहिए। दौरे के बाद में सिंह ने साफ कर दिया कि १०० फीट सड़क के लिए वे जल्द ही टेंडर जारी कराएंगे। जैसे टेंडर होता है प्राथमिकता से सड़क का काम शुरू कर दिया जाएगा।
भाजपा नेता का था विरोध
गौरतलब है कि जंजीरवाला से अटल द्वार के बीच बनाई जाने वाली सड़क को लेकर पूर्व में भी एक बार टेंडर जारी हो गया था। सड़क की चौड़ाई को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। इस पर अपना एवेन्यू के मालिक व भाजपा नेता आलोक डाबर ने विरोध कर दिया था। इस पर मामला ठंडे बस्ते में चला गया था, लेकिन इस बार विधायक हार्डिया का रुख स्पष्ट व सख्त है।
Updated on:
16 Jun 2018 12:05 pm
Published on:
16 Jun 2018 11:06 am
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
