इंदौर. भाजपा को घेरने के लिए कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही जनआक्रोश यात्रा 25 सितंबर को इंदौर पहुंचेगी। यात्रा को सफल बनाने के लिए कांग्रेसी सक्रिय हैं। दो दिन से बैठकों का दौर जारी है। यात्रा को बड़ा रूप देने के लिए कांग्रेस सैकड़ों दोपहिया वाहनों को शामिल करेगी। इतना ही नहीं प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला को भी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने बताया कि 25 सितंबर को यात्रा दोपहर करीब 3 बजे राऊ से धार रोड के सिरपुर आएगी। यहां से शहरी क्षेत्र की यात्रा शुरू होगी। एक हजार से अधिक दोपहिया वाहन कांग्रेस का झंडा लेकर निकलेंगे।