इंदौर

राहुल की यात्रा बचाने में जुटे कांग्रेसी

खालसा कॉलेज में यात्रा को रूकना है, खालसा एजुकेशन सोसाइटी का सचिव है बॉबी

2 min read
Nov 12, 2022
राहुल की यात्रा बचाने में जुटे कांग्रेसी

इंदौर. राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर जमीनों के घोटाले में जेल जा चुके बॉबी छाबड़ा का दुष्प्रभाव भी दिख रहा है। स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने यात्रा की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रदेश कांग्रेस से लेकर दिल्ली तक बॉबी के कारनामे उजागर करते हुए शिकायतें की हैं।
दरअसल, यात्रा को खालसा कॉलेज में रूकना है। इस कॉलेज का संचालन खालसा एजुकेशन सोसाइटी करती है। सोसाइटी का सचिव बॉबी छाबड़ा है। आम जनता के बीच बॉबी की छवि विवादास्पद और लोगों की जमीनों पर कब्जा करने वाले की है। इसके साथ ही बॉबी पर खालसा एजुकेशन सोसाइटी में चुनाव नहीं कराने और इस पर कब्जा करने के आरोप भी लगते रहे हैं। गुरुसिंघ सभा की ओर से भी इसका विरोध किया जाता रहा है। कांग्रेस सरकार के दौरान उससे जुड़े लोगों के घर पर पुलिस ने छापे मारते हुए गृह निर्माण संस्थाओं के दस्तावेज जब्त किए थे। ये वे संस्थाएं थीं, जिनके हजारों लोग अपने प्लॉट के लिए बरसों से चक्कर काट रहे हैं। इन कारणों के चलते यात्रा को खालसा कॉलेज में रूकवाने को लेकर कांग्रेस के नेता दो धड़ों में बंट चुके हैं। कांग्रेस के कुछ नेता खर्च बचाने और अपनी छवि चमकाने के लिए राहुल गांधी और यात्रा में शामिल लोगों को यहां रूकवाना चाहते हैं। जबकि, कांग्रेस का दूसरा धड़ा यात्रा को विवादित बॉबी से जुडी जगह पर ले जाने का विरोध कर रहा है। उनका कहना है कि इससे राहुल गांधी की छवि भी धूमिल होगी। यहां जाने पर यात्रा भी विवादित हो सकती है। ऐसे में बॉबी के कारनामों से जुड़ी जानकारी और शिकायतें राहुल गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को भी कांग्रेस नेताओं ने भेजी है। बताया जा रहा है कि इस पर जल्द ही निर्णय हो सकता है।
कमलनाथ का हुआ था विरोध
प्रकाश पर्व पर सिख समाज ने खालसा कॉलेज परिसर में विशेष दीवान सजाया था, जिसमें कीर्तन के लिए अमृतसर से ज्ञानी मनजीत सिंह आए थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी इसमें शामिल हुए थे। उनके रवाना होने के साथ ही ज्ञानी मनजीत सिंह ने इंदौर संगत के समक्ष नाराजगी जताई थी और कमलनाथ को सिख विरोधी दंगों को भड़काने वाला और कई सिखों की हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया था। इसे लेकर भाजपा पहले से ही कांग्रेस पर हमलावर है।

Published on:
12 Nov 2022 05:39 pm
Also Read
View All

अगली खबर