तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ प्रभातफेरी में जुटी थी...। धक्का-मुक्की के विवाद में युवक की हत्या...।
इंदौर शहर में गुरुवार को सुबह रंजीत हनुमान मंदिर की प्रभातफेरी निकाले जाने के दौरान विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। थाना अन्नपूर्णा क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई थी। घटना के बाद भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
शहर के रणजीत हनुमान मंदिर में 137 वर्षों से प्रभातफेरी का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार सुबह भी प्रभातफेरी निकाली जा रही थी, जिसमें तीन लाख से अधिक श्रद्धालु उमड़े थे। इसी दौरान गोमा की फेल निवासी शुभम रघुवंशी (25) और उसका साथी कृष्णा प्रजापति (29) अपने दोस्तों के साथ इस यात्रा में शामिल होने गए थे। इस प्रभातफेरी में धक्का-मुक्की होने के कारण वहां मौजूद कुछ बदमाशों से उनकी कहा-सुनी हो गई। तभी शुभम और कृष्णा बदमाशों से भिड़ गए। इस दौरान दौरान बदमाश ने शुभम के गले में चाकू मार दिया और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। शुभम गले में चाकू लगने से वहीं पर गिर गया। जबकि उसके साथी कृष्णा को भी गंभीर चोट आई है। शुभम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस आपसी रंजीश के मामले को भी देखते हुए आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
तीन लाख लोगों की भीड़
इंदौर शहर के अन्नपूर्णा इलाके से गुजर रही प्रभातफेरी में भारी भीड़ उमड़ी थी। तीन लाख लोगों की भीड़ का अनुमान लगाया जा रहा था। इसी दौरान भीड़ में कुछ धक्का-मुक्की के कारण युवकों में विवाद हो गया। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
अयोध्या से पहले प्रभातफेरी
अयोध्या में रामलला की प्राणप्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगी। इससे पहले यह प्रभातफेरी निकाली जा रही है। चार दिनी रणजीत अष्टमी महोत्सव के समापन पर 4 जनवरी को सुबह 5 बजे से प्रभातफेरी निकाली जा रही है। प्रभातफेरी के लिए 125 स्वागत मंच लगाए गए है। पूरे रास्ते पर भगवा ध्वज लहरा रहे हैं। मुख्य पुजारी पं. दीपेश व्यास ने बताया कि अयोध्या में भगवान राम की प्रतिष्ठा का अवसर हर सनातनी के लिए खास है। इसके चलते इस बार रणजीत अष्टमी महोत्सव को भगवान श्रीराम को समर्पित किया है।