17 दिसंबर 2025,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Indore News : दिग्विजय सिंह की सीख…एक-दूसरे की बुराई छोड़ कांग्रेस को करें मजबूत

मंडलम् और सेक्टर की बैठक में नहीं पहुंचे कई पदाधिकारी तो हुए नाराज

3 min read
Google source verification
Indore News : दिग्विजय सिंह की सीख...एक-दूसरे की बुराई छोड़ कांग्रेस को करें मजबूत

Indore News : दिग्विजय सिंह की सीख...एक-दूसरे की बुराई छोड़ कांग्रेस को करें मजबूत

इंदौर. इस वर्ष नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की उन सीटों पर ज्यादा फोकस करना शुरू कर दिया है जिन पर कांग्रेस लगातार हारती आ रही है। हारने वाली विधानसभाओं को जीतने की जिम्मेदारी राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह को दी गई है। इसके चलते वे कल इंदौर ग्रामीण की सांवेर विधानसभा पहुंचे। यहां पर उन्होंने मंडलम् और सेक्टर पदाधिकारियों की बैठक ली। साथ ही वे कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। बैठक में मंडलम् और सेक्टर के कई पदाधिकारीयों के नहीं पहुंचने पर सिंह ने नाराजगी अलग जाहिर की है। साथ ही उन्होंने कांग्रेसियों को सीख दी है कि एक-दूसरे की बुराई छोडक़र कांग्रेस को मजबूत करें।

मिशन-2023 को फतह करने में कांग्रेस जुट गई है। इसके लिए प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ बूथ मैनेजमेंट जमाने के साथ कांग्रेस के कमजोर संगठन को मजबूत करने में लगे हैं। इसके साथ ही प्रदेश की ऐसी 66 विधानसभा सीटों पर फोकस किया जा रहा है, जिन पर कांग्रेस को लगातार हार मिलती आ रही है। इनमें इंदौर शहर की दो, चार और पांच नंबर के साथ ग्रामीण की सांवेर विधानसभा शामिल है। हारने वाली सीटों पर जीत हासिल करने के लिए जिम्मेदारी राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को दी गई है।

वे हर विधानसभा में पहुंचकर मंडलम् और सेक्टर पदाधिकारयों से सीधा संवाद कर रहे हैं। इसके चलते सिंह कल दोपहर में सांवेर विधानसभा में पहुंचे। यहां पर उन्होंने अंकित परिसर में सांवेर के मंडलम् और सेक्टर पदाधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने पदाधिकारियों को अभी से मैदान पकडऩे, दमदारी से चुनाव लडऩे और सांवेर सीट को जीतने का टारेगट लेकर काम करने का कहा। साथ ही कई पदाधिकारियों के न आने पर सिंह ने नाराजगी अलग जाहिर की, क्योंकि जिला अध्यक्ष ने बैठक में प्रवेश के कार्ड जारी नहीं किए थे।

न ले उम्मीदवार का नाम

बैठक के बाद दिग्विजय सिंह कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। इसमें उन्होंने कांग्रेसियों को सीख दी कि एक-दूसरे की बुराई करना छोड़ इस बात पर जोर देना चाहिए कि कांग्रेस कैसे मजबूत हो। हर कार्यकर्ता को मौका दिया जाएगा, मगर कोई भी किसी उम्मीदवार का नाम न लें। मुझे पता है कि कौन चुनाव लडऩे के काबिल और कौन नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में जिन नेताओं पर मुकदमे दर्ज हुए हैं वह डरें नहीं। हम आपके साथ में खड़े हैं। अगर किसी के साथ में अन्याय हुआ है तो उसकी फाइल बनाकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव को दें। यादव हमें फाइल भोपाल भेजेंगे। हम वहां से जिला कोर्ट, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक भी आपकी लड़ाई लड़ेंगे। इसके लिए वकीलों की नियुक्ति की गई है जो कि नि:शुल्क आपकी लड़ाई लड़ेंगे। सरकार बनते ही 6 महीने के अंदर आपके राजनीतिक द्वेषता से बनाए गए प्रकरण समाप्त किए जाएंगे।

मातृशक्ति को मंच पर बैठाया और खुद नीचे जाकर बैठे

कार्यक्रम के दौरान दिग्विजय सिंह ने मातृ शक्तियों को मंच पर बिठाने के साथ खुद नीचे जाकर कांग्रेसियों के साथ बैठ गए। साथ ही नेता व कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने के लिए मंच पर भेजते गए। कार्यक्रम के बाद जिलाध्यक्ष यादव ने सभी कांग्रेसियों को एक-एक कर दिग्विजय सिंह से परिचय करवाते हुए फोटो सेशन भी करवाया। साथ ही सांवेर की राजनीतिक वस्तुस्थिति से सिंह को अवगत कराया। सांवेर विधानसभा के सारे कार्यकर्ता, जनपद, पंचायत के चुने सदस्य, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, किसान कांग्रेस, आइटी सेल और वरिष्ठ नेताओं से दिग्विजय सिंह रूबरू हुए। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता रामेश्वर नीखरा, जिला प्रभारी महेंद्र जोशी, सांसद रहे प्रेमचंद गडड़ू, विधायक विशाल पटेल, विधायक रहे अंतर सिंह दरबार, सह प्रभारी महेंद्र परमार, संभागीय प्रवक्ता रीना बौरासी, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीता डागरे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दौलत पटेल आदि मौजूद थे।