
तांत्रिक ने हाई प्रोफाइल महिलाओं को तंत्र-मंत्र के जाल में फंसाया और फिर...
इंदौर. प्रेम विवाह, नि:संतान दंपती को तंत्र-मंत्र के जरिए परेशानी से राहत दिलाने का दावा कर दो ठगोरे धोखाधड़ी कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें पकड़ा तो ऑफिस में ग्राहकों के रजिस्टर में कई बड़े और संभ्रांत घर की महिलाओं और लड़कियों के नंबर मिले। कोख भरने और बुरी आत्मा से छुटकारा दिलाने के नाम पर वे झांसेबाजी कर रहे थे। परेशानी दूर करने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपए दोनों ऐंठ चुके हैं।
तुकोगंज इलाके से क्राइम ब्रांच व तुकोगंज पुलिस टीम ने बुधवार रात शमीम पिता अ. गफूर (57) निवासी नई दिल्ली व मयंक शर्मा (19) निवासी मेरठ को पकड़ा। दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी व मैजिकल रेमेडी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। इस तरह का ये पहला केस दर्ज हुआ है। मामला सामने आने के बाद पुलिस अफसरों ने डीपीओ से राय लेकर केस दर्ज किया। दोनों आरोपित सरवटे बस स्टैंड पर दीपमाला लॉज में रुके थे। पूछताछ में उन्होंने बताया करीब ५ महीने पहले उन्होंने स्टॉलिंग काम्प्लेक्स में ६ हजार रुपए महीने किराए का एक ऑफिस लिया था। यहां से तंत्र-मंत्र व वशीकरण के जरिए लोगों को परेशानी दूर करने का झांसा देते। इसके लिए अखबारों में विज्ञापन देते थे। जो लोग उनके ऑफिस पहुंचते उनसे परामर्श के नाम पर 200 रुपए लिए जाते। बाद में तंत्र-मंत्र करने के एवज में हजारों रुपए ऐंठ लेते थे। ज्यादातर इनके निशाने पर महिलाएं रहती थीं। बच्चे नहीं होने, प्रेम विवाह कराने का दावा करने के चलते महिलाएं आसानी से उनकी बातों में आ जाती थीं। पुलिस ने ऑफिस से रजिस्टर भी जब्त किए हैं। इनमें उन ग्राहकों के नंबर हैं जो ऑफिस पर आ चुके हैं। इनसे भी पुलिस पूछताछ कर पता करेगी कि उनसे कितना रुपए ऐंठा गया। दोनों के खिलाफ नजीर खान निवासी सुपर पैलेस कॉलोनी (खजराना) ने शिकात की थी।
पत्नी की कोख बांध रखी है
नजीर ने पुलिस को बताया कि पत्नी की तबीयत खराब रहती थी। बेटी के बाद संतान नहीं रही थी। अखबार में विज्ञापन देख शमीम को कॉल किया। मयंक ने ऑफिस में बुलाया और 200 रुपए लिए। बिल्लौरी कांच से पत्नी का हाथ देख शमीम ने कहा कि कोख बांध रखी है। जादू-टोना भी कर रखा है। समाधान के लिए 4660 जमा करवा दो। शमीम ने एक ताबीज पहनाया। एक ताबीज सामने रखी मटकी में रख दिया। शमीम ने मटकी पर ढक्कन लगाया और जोर से धमका हुआ। उसने कहा कि आत्मा आ गई है। पत्नी से कहा कि आत्मा से बात करो। जिन 5 लोगों पर शक हो उसके नाम बताओ। जैसे ही पत्नी सवाल करती, मटकी हिलने लगती।
आत्मा को छोडऩे के लिए मांगे दो उल्लू
उसने आत्मा को छोडऩे के लिए दो उल्लू मांगे और 11,500 रुपए जमा करवाए। दूसरे दिन एक लोटा दिया। फूंक मारकर सुपारी लोटे में रखी और मुंह लाल कपड़े से बांध दिया। दूसरे दिन लोटा देखा तो सुपारी गायब थी। शमीम ने कहा आत्मा दोबारा आ गई है। उसने बकरे के लिए 6,500 रुपए मांगे। टीआई ने शमीम से जादू-टोने के बारे में पूछा तो कहा कि मटकी में बारूद भरा था। मटकी के नीचे चाकू रख दिया था। सवाल करते ही चाकू को पैर से हिला देता था। उसने कोचिंग सेंटर, स्कूल और बस स्टैंड की दीवारों पर पर्चे भी चस्पा करवाए थे। कई छात्र-छात्राएं उससे मिलने आती थी।
Published on:
13 Jul 2018 12:56 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
