कचरे के ढेर में लगी आग की भीषणता का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि, धुएं का गुबार कई कि.मी दूर से दिखाई दे रहा था।
देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर से बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, शहर के देवगुराडिया में स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में लाए जाने वाले शहरभर के कचरे के पहाड़ में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटों के साथ आसमान तक उठते धुएं को देख इलाके में अफरा - तफरी फैल गई। इलाके में दहशत फैलने का बड़ा कारण ये भी है कि, जिस स्थान पर आग लगी है, उससे महज कुछ कदम की दूरी पर ही एशिया का सबसे बड़ा बायो सीएनजी गैस प्लांट मौजूद है।
आपको बता दें कि, इंदौर शहर के साथ साथ आसपास के इलाकों तक से पूरा कचरा इकट्ठा कर ट्रेंचिंग ग्राउंड में स्टोर किया जाता है। यही कारण है कि, ट्रेचिंग ग्राउंड में इस समय कचरे का पहाड़ बन गया है।वहीं, गुरुवार को अचानक इस कचरे के ढेर में आग लग गई। धुआं उठता देख ट्रेचिंग ग्राउंड में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ साथ इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में डंपिंग यार्ड की ओर से फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। जानकारी लगते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। फिलहाल, आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।
PM मोदी ने किया था एशिया के सबसे बड़े बायो सीएनजी प्लांट का शुभारंभ
अचानक सीएनजी गैस प्लांट से कुछ ही दूरी पर भीषण आग लगने से नगर निगम की बड़ी लापरवाही भी उजागर हो गई है। वहीं, आसमान में धुंए का गुबार कई किलोमीटर दूर तक से दिखाई दे रहा है। आग लगने से बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। अबतक कारण अज्ञात है। आपको याद दिला दें कि, एशिया के सबसे बड़े बायो सीएनजी गैस प्लांट का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था।