इंदौर

Indore News : इंदौर से रवाना हुआ हज यात्रियों का पहला जत्था

सुबह 9 बजे हवाई अड्डा पहुंचे यात्री, 137 यात्रियों में 22 साल की युवती से लेकर 75 वर्षीय महिला शामिल

2 min read
Jun 04, 2023
Indore News : इंदौर से रवाना हुआ हज यात्रियों का पहला जत्था

इंदौर. आज इंदौर से पहला जत्था हजयात्रा के लिए रवाना हो गया है। यात्रियों को सदर बाजार स्थित हज हाउस से सुबह 8.30 बजे बस के जरिए रवाना किया गया, जो सुबह 9 बजे हवाई अड्डे पर पहुंचे। यहां पर हज कमेटी के चेयरमैन रफत वारसी, सचिव मसूद अख्तर सिद्दीकी सहित अन्य समाजजन ने इनका स्वागत किया। इस जत्थे में इंदौर सहित आसपास के 137 यात्री हैं। जिनमें 22 वर्षीय युवती से लेकर 75 वर्षीय महिला शामिल है। हवाई अड्डे से जत्थे ने दोपहर 12.10 बजे की फ्लाइट से हैदराबाद के लिए उड़ान भरी। हैदराबाद से ये यात्री सीधे जेद्दा के लिए रवाना होंगे।

करीब चार साल बाद शुरू हुई यात्रा में इस बार यात्रियों को सीधे न जाते हुए हैदराबाद से होकर जा रहे हैं। इस यात्रा पर जाने वाले यात्री कल एक दिन पहले ही इंदौर हज हाउस में पहुंच गए थे। इन लोगों के साथ परिजन भी उन्हें छोडऩे साथ आए। रात यहीं पर गुजारी और रात्रि में इमाम साहेब ने उन्हें यात्रा के दौरान इबादत किए जाने सहित अन्य जानकारियां दीं। हज हाउस में यात्रियों के ठहरने और इबादत किए जाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हैदराबाद हवाई अड्डे पर ही सारी औपचारिकताएं पूरी होंगी। इसके बाद यहां से फ्लाइट से यात्री जेद्दा पहुंचेंगे।

अब जाकर मिला मौका

हज की यात्रा पर चार साल से जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन मौका नहीं मिल पा रहा था। पहली एक किश्त भी जमा कर चुके थे, लेकिन संक्रमण की वजह से जाना नहीं हो पाया। अब जाकर इस पवित्र यात्रा का मौका मिला है। जिंदगी का एक मात्र ख्वाब होता है हज यात्रा। यह कहना है यात्रा पर जा रहे फकीर मोहम्मद का। 70 वर्षीय मोहम्मद अपनी पत्नी हसमत बी के साथ जा रहे हैं। उन्हें इस यात्रा पर रवाना करने के लिए पूरा परिवार साथ आया। खेती कर अपना जीवन यापन करने वाले मोहम्मद इस यात्रा को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि इस बार हैदराबाद होकर जाने से यात्रा का समय बहुत अधिक हो गया है। पहले इंदौर से सीधे जाने से महज चार घंटे में जेद्दा पहुंच जाते थे।

पहली बार किसी भी एम्बार्केशन पॉइंट से कर सकते यात्रा

हज कमेटी से जुड़े लोगों ने बताया कि पहली बार ऐसा किया गया है कि देशभर में किसी भी एम्बार्केशन पॉइंट से यात्रा की जा सकती है। जबकि पूर्व में ऐसा नहीं था। आज से शुरू हो रही इंदौर से फ्लाइट 18 जून तक प्रतिदिन रहेगी। उन्होंने बताया कि इस बार सऊदी अरब सरकार ने 12 साल से कम उम्र के बच्चों की यात्रा पर पाबंदी लगा दी है। सुरक्षा कारणों से यह फैसला लिया गया है। इसके लिए सरकार ने नई गाइड लाइन जारी कर दी है। इससे पहले जारी यात्रा में उम्र का कोई बंधन नहीं था।

Published on:
04 Jun 2023 11:03 am
Also Read
View All

अगली खबर